New Delhi News: जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहे हैं 11 वर्ष - शाह

- अब आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारता है भारत
- अंतिम सांसे गिन रहा नक्सलवाद
New Delhi News. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के ऐतिहासिक 11 वर्ष जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहे हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 11 वर्ष की जनसेवा में देश ने आर्थिक पुनरूत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। मोदी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व स्पष्ट, संकल्प अडिग और नीयत जनसेवा की होती है, तब सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं। शाह ने कहा कि 2014 में जब मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब देश में पॉलिसी पैरालिसिस था। न नीतियां थीं, न नेतृत्व था और सरकार में घोटाले चरम पर थे। अर्थव्यवस्था जर्जर और शासन व्यवस्था दिशाहीन थी।
जनसेवा के 11 वर्ष में ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ से देश के विकास की स्पीड और स्केल दोनों को बदला गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचितों को शासन के केन्द्र में लाया और तुष्टिकरण की जगह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की कार्य संस्कृति बनाई। उन्होंने कहा कि 11 वर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में भी मील का पत्थर सिद्ध हुए हैं। नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है, जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर में शांति स्थापित हुई है, भारत अब आतंकवादी हमलों का जवाब आतंकियों के घर में घुस कर देता है। यह मोदी सरकार में भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।
Created On :   9 Jun 2025 8:14 PM IST