बिहार की सियासत: भाजपा विधायक दल की होगी बैठक, केशव प्रसाद बने पर्यवेक्षक - मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति सह - पर्यवेक्षक

- मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति सह-पर्यवेक्षक
- विधायक दल की होगी बैठक में केशव प्रसाद बने पर्यवेक्षक
New Delhi News. बिहार में राजग के नए मुख्यमंत्री के चुनाव से पहले बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। मौर्य ने बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से सह-प्रभारी की भूमिका निभाई थी।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल की बैठक के लिए केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। इन नेताओं की मौजूदगी में सर्वसम्मति से विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।
भाजपा विधायक दल की बैठक सुबह 10 बजे बुलाई गई है। 20 नवंबर को गांधी मैदान में बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। इससे पहले, राजग के घटक दल अपने-अपने विधायक दल के नेता का चुनाव कर लेंगे। सभी दलों की बैठक के बाद राजग के विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में राजग विधायक दल के नेता का चुनाव होगा, जिसे नेता चुना जाएगा वह राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
Created On :   18 Nov 2025 6:16 PM IST














