New Delhi News: कांग्रेस ने कहा - शौर्य और पराक्रम में नए मानक स्थापित कर रही भारतीय सेना

कांग्रेस ने कहा - शौर्य और पराक्रम में नए मानक स्थापित कर रही भारतीय सेना
  • पाक से निर्दोष भारतीयों के खून का बदला लेगी सेना
  • शौर्य और पराक्रम में नए मानक स्थापित कर रही भारतीय सेना

New Delhi News. कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए भारतीय सेना की जमकर सराहना की है। प्रमुख विपक्षी दल ने शुक्रवार को कहा कि भारत की जल, थल और वायु सेना लगातार शौर्य और पराक्रम में नए मानक स्थापित करती जा रही है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इसके साथ ही कांग्रेस ने सरकार से अपील की है कि वह भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गांवों-शहरों के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में पुंछ में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों की देखभाल करना, घायलों की शीघ्र इलाज देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। आशा है कि इस दिशा में सरकार पुख्ता कदम उठाएगी। निर्दोष भारतीयों के खून का बदला भी भारत की सेना पाकिस्तान से लेगी। नायक ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नेस्तनाबूत करने के लिए भारत की सेना की जितनी तारीफ की जाए, वो कम है। पहलगाम में बुजदिल पाकिस्तान ने कायराना हमला किया। भारत की जमीन में घुस कर निहत्थे और निर्दोष सैलानियों का धर्म पूछ कर मारा गया। महिलाओं के सुहाग उजड़े, मांग सूनी हुईं। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में विवाहिता महिला के सिंदूर की कीमत क्या होती है, वो कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पूरी दुनिया को दिखा दिया।

सेना के शौर्य, वीरता और विजन पर गर्व है : बिरला

वहीं लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हमें अपनी सेना के शौर्य, वीरता और विजन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारतीय सेना ने हमारी सीमाओं को अभेद्य और सशक्त बनाया है, उसी तरह भारत के स्टील फ्रेम यानी भारतीय सिविल सेवा ने देश को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बिरला यहां संसद भवन परिसर में 2023 बैच के प्रशिक्षणार्थी आईएएस अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवा सिविल सेवकों से भारतीय मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों का पालन करते हुए देश सेवा की विरासत छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से शासन और लोक प्रशासन में अपने कार्यों में संकल्प, अनुशासन और सेवा की भावना का समावेश करने का भी आग्रह किया। लोकसभा अध्यक्ष ने युवा अधिकारियों को विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Created On :   9 May 2025 8:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story