- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- रेस में हरिवंश, मनोज सिन्हा और...
New Delhi News: रेस में हरिवंश, मनोज सिन्हा और आरिफ, धनखड़ के उत्तराधिकारी की खोज, राऊत बोले पर्दे के पीछे बात कुछ और

New Delhi News. अजीत कुमार. जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद अब उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई है। भारत के उपराष्ट्रपति पद की दौड़ में जिन शख्सियतों का नाम उभरकर सामने आ रहा है, उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का नाम प्रमुखता से शामिल है। हालांकि सियासी गलियारों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी तैर रहा है।
भारत का उपराष्ट्रपति राज्यसभा का पदेन सभापति भी होता है। ऐसे में धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब सभापति पद की जिम्मेदारी राज्यसभा के मौजूदा उपसभापति हरिवंश के कंधों पर आ गई है। इसके साथ ही इस बात के कयास भी लगने शुरू हो गए हैं कि जदयू के राज्यसभा सदस्य हरिवंश आखिरकार देश के उपराष्ट्रपति भी बन सकते हैं। इन कयासों को इसलिए बल मिल रहा है क्योंकि दिल्ली दरबार से उनके बेहतर ताल्लुकात हैं। साथ ही हरिवंश की निर्विवाद छवि और चुनावी राज्य बिहार से आना उनकी दावेदारी को मजबूत कर रहा है।
उपराष्ट्रपति पद की रेस में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। सिन्हा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भरोसेमंद और विश्वासपात्र हैं। दो दिन पहले ही सिन्हा की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हुई है। इस मुलाकात को अब सिन्हा को बड़ी जिम्मेदारी देने के रूप में देखा जा रहा है। सिन्हा केन्द्रीय नेतृत्व के साथ आरएसएस के भी विश्वस्त हैं।
हरिभाऊ बागड़े भी दौड़ में
उपराष्ट्रपति पद के लिए किसी राज्यपाल का नंबर भी लग सकता है। ऐसे में इस पद के लिए बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का नाम सबसे फिट माना जा रहा है। उदारवादी मुस्लिम स्कॉलर की छवि वाले आरिफ न केवल प्रधानमंत्री मोदी के करीबी हैं, बल्कि उनके नाम पर बिहार की दो प्रमुख पार्टियों जदयू और राजद का साथ भी मिल सकता है। आरिफ के साथ राजस्थान के मौजूदा राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का नाम भी इस दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। मराठा समाज से आने वाले बागड़े संघ पृष्ठभूमि से आते हैं।
धनखड़ के इस्तीफा दिल्ली में बड़ी राजनीतिक घटना का संकेतः राऊत
उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से सियासी गलियारों में अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। इस बीच, शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि धनखड़ का स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने कहा कि धनखड़ के इस्तीफे ने दिल्ली में कुछ बड़ी राजनीतिक घटना के संकेत दिए हैं। दरअसल, धनखड़ ने सोमवार देर शाम उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया। राउत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह इस बारे में फिलहाल कोई बात नहीं कर सकते, लेकिन इससे पता चलता है कि पर्दे के पीछे कुछ चल रहा है। बड़ी राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति में पर्दे के पीछे कुछ ऐसी बातें हो रही हैं, जो जल्दी सामने आएंगी। साथ ही राउत ने यह भी कहा कि धनखड़ का उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा कोई सामान्य बात नहीं है। वह स्वस्थ आदमी हैं और इतनी जल्दी मैदान छोड़ने वाले व्यक्ति नहीं है। शिवसेना (उद्धव गुट ) सांसद ने कहा कि जरूर पर्दे के पीछे कुछ चल रहा है। सितंबर में कुछ हो सकता है। यह उसी का संकेत है।
Created On :   22 July 2025 9:23 PM IST