New Delhi News: हरिवंश बोले - सरदार पटेल आज़ाद भारत के बिस्मार्क थे, व्यवधान से अधिकारों का हनन

- व्यवधान से सदस्यों के अधिकारों का होता है हनन
- राज्यसभा के 268वें सत्र कि उत्पादकता महज 38.5 प्रतिशत रही
New Delhi News. राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि भारत विट्ठलभाई पटेल और सरदार वल्लभभाई पटेल का सदैव ऋणी रहेगा। सरदार पटेल आज़ाद भारत के बिस्मार्क थे। हरिवंश ने यह बात दिल्ली विधान सभा द्वारा आयोजित विट्ठलभाई पटेल के सेंट्रल लेजिस्लेटिव असेंबली के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस आयोजन का विषय 'भारत: लोकतन्त्र की जननी' था। इस अवसर पर हरिवंश ने सदन के व्यवधान पर भी बातें की। उन्होंने कहा कि ‘व्यवधानों से सदन का समय तो नष्ट होता ही है, सदस्यों के अधिकारों का हनन भी होता है’। हाल में खत्म हुए राज्यसभा के 268वें सत्र कि उत्पादकता महज 38.5 प्रतिशत रही है। 300 मौखिक प्रश्नों में से सिर्फ 14 के मौखिक जवाब मिले। खेद व्यक्त करते हुए, राज्य सभा के उपसभापति ने कहा कि आज जब देश आत्मनिर्भरता और स्वदेशी का नारा दे रहा है, हमारे संसदीय निकायों की इतनी कम उत्पादकता का क्या औचित्य है? उन्होंने भारत की विविधता को समाहित करने के लिए भारत का लोकतान्त्रिक और समावेशी होने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री द्वारा स्वदेशी अपनाने का आह्वान किए जाने की चर्चा करते हुए, हरिवंश ने कहा कि ‘अपनी संप्रभुता और अपने सुरक्षा के लिए आत्म निर्भर होना, भारत के लिए अभीष्ट ही नहीं, अनिवार्य भी है’।
Created On :   24 Aug 2025 8:37 PM IST