New Delhi News: पीयूष गोयल ने कहा - देश ने 4,000 प्रतिशत सौर क्षमता वृद्धि हासिल की

पीयूष गोयल ने कहा - देश ने 4,000 प्रतिशत सौर क्षमता वृद्धि हासिल की
  • आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में आपूर्ति श्रृंखला को बनाना होगा आसान
  • देश ने 4,000 प्रतिशत सौर क्षमता वृद्धि हासिल की

New Delhi News. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि देश की स्थापित सौर क्षमता में 4,000 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता अब 227 गीगावाट के स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि भारत संभवतः पेरिस समझौते के तहत अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) को पूरा करने वाला पहला जी-20 देश है। पीयूष गोयल ने यहां 11वें भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह (आईईएसडव्ल्यू) 2025 को संबोधित करते हुए ये जानकारी दी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पल्ली गांव का उदाहरण दिया, जो सौर ऊर्जा और ऊर्जा दक्षता का उपयोग करने वाला भारत का पहला कार्बन-तटस्थ पंचायत बन गया है। उन्होंने बताया कि आईईएसडव्ल्यू का आयोजन स्थल, यशोभूमि, अपने आप में स्थायित्व का एक आदर्श उदाहरण है, जहाँ छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र, अपशिष्ट जल उपचार और ऊर्जा-कुशल बुनियादी ढांचा उपलब्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने पिछले दशक में भारत की विनिर्माण प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की सौर फोटोवोल्टिक मॉड्यूल क्षमता लगभग 38 गुना बढ़ गई है, जबकि फोटोवोल्टिक सेल क्षमता 21 गुना बढ़ गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का भी उल्लेख किया, जिसका उद्देश्य एक करोड़ घरों को रूफटॉप सोलर पैनल से लैस करना है ताकि वे ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें और बिजली के बिल कम कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री कुसुम योजना का भी उल्लेख किया, जो भारत की कृषि अर्थव्यवस्था में सौर पंपों के विस्तार में सहायता करती है।

Created On :   10 July 2025 9:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story