दावोस में दो दिनों में 1 लाख 37 हजार करोड़ का निवेश करार, ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनक्षेत्र में 46 हजार 800 करोड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में स्विट्जरलैंडके दावोस में चल रहे "विश्व आर्थिक मंच' की बैठक के दौरान दो दिनों में विभिन्न उद्योगों ने महाराष्ट्र में 1 लाख 37 हजार करोड़ रुपए के निवेश के लिए सामंजस्य करार हुआ है। इससे राज्य में एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। विश्व आर्थिक मंच की बैठक में हिस्सा लेने दावोस गए मुख्यमंत्री बुधवार को दोपहर में मुंबई लौट आए।मुंबई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दावोस में केवल औपचारिकता निभाने के लिए करार नहीं किया है। मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि सामंजस्य करार केवल कागज पर सीमित नहीं रहेंगे। दावोस में हुए करार को राज्य में धरातल पर उतारा जाएगा।राज्य में नए उद्योग स्थापित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में निवेश के लिए आने वाले सभी उद्योगों को रेड कारपेट की व्यवस्था उपलब्ध होगी। उद्योगों को सब्सिडी और टैक्स में छूट दी जाएगी। नए तकनीक के साथ उद्योग लगाने वाले उद्योगों को विशेष सब्सिडी दी जाएगी। उद्योगों को एकल खिड़की योजना के तहत सभी मंजूरी प्रदान की जाएगी।
नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग से तैयार हुई निवेश क्षमता
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग शुरू होने से निवेश के लिए बड़ी क्षमता तैयार हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक मंदी के बावजूद निवेशक महाराष्ट्र और देश में उद्योग लगाने के लिए आकर्षित हो रहे हैं। क्योंकि उन्हें विश्वास है कि महाराष्ट्र में निवेश के लिए मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोवास के विश्व आर्थिक मंच की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत और महाराष्ट्र की छाप देखने को मिली है। विभिन्न देशों के लोग मुंबई में भी आकर निवेश करार करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं दावोस दौरे की सफलता की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी को दूंगा।
हाइटेक औरआधारभूत सुविधा क्षेत्र में 54 हजार 276 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में हाइटेक और आधारभूत ढ़ाचा क्षेत्र में निवेश के लिए छह कंपनियों के साथ 54 हजार 276 करोड़ रुपए का सामंजस्य करार हुआ है। इससे राज्य में 4300 रोजगार निर्माण हो सकेगा।
ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनक्षेत्र में 46 हजार 800 करोड़ का करार
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य नविनीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक व्हीकल क्षेत्र में 46 हजार 800 करोड़ रुपए का सामंजस्य करार हुआ है। इसके जरिए 45 हजार रोजगार सृजन हो सकेगा।
आईटी, फिनटेक, डेटा सेंटर क्षेत्र में 32 हजार 414 करोड़ का करार
मुख्यमंत्री ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), फिनटेक, डेटा सेंटर क्षेत्र में 32 हजार 414 करोड़ रुपए के निवेश के लिए करार हुआ है। इससे राज्य में 8 हजार 700 नया रोजगार पैदा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि लोह उत्पादन क्षेत्र में 2200 करोड़ रुपए के निवेश के लिए करार हुआ है। इससे 3 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। कृषिऔर अन्न प्रक्रिया उद्योग क्षेत्र में 1900 करोड़ रुपए का सामंजस्य करार हुआ है। इसके माध्यम से 600 लोगों को रोजगार मिल पाएगा।मुख्यमंत्री ने बताया कि चंद्रपुर, गडचिरोली, औरंगाबाद, पुणे, मुंबई सहित राज्य के कई जिलों में उद्योग लगाने के लिए निवेशकों के साथ करार हुआ है।
Created On :   18 Jan 2023 9:21 PM IST