मुख्यमंत्री ने किया तूफान प्रभावित इलाके का दौरा, चक्रवात प्रभावित रायगड के लिए 100 करोड़ 

100 crores for cyclone affected Raigad, Chief Minister visits area
मुख्यमंत्री ने किया तूफान प्रभावित इलाके का दौरा, चक्रवात प्रभावित रायगड के लिए 100 करोड़ 
मुख्यमंत्री ने किया तूफान प्रभावित इलाके का दौरा, चक्रवात प्रभावित रायगड के लिए 100 करोड़ 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चक्रवाती तूफान ‘निसर्ग’ से प्रभावित रायगड जिले के लिए 100 करोड़ रुपए की मदद की घोषणा की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने रायगड के अलीबाग में चक्रवात से प्रभावित इलाकों में स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगड को तत्काल मदद के रूप में 100 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मदद को पैकेज ना कहें। पैकेज शब्द घिसा पिटा हो चुका है। मेरे पास पैकेज शब्द नहीं है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात से हुए नुकसान का पंचनामा करने का आदेश दिया गया है। पंचनामा में 8 से 10 दिन लगेंगे। इसके बाद राज्य सरकार नुकसान भरपाई और निर्माण कार्य के बारे में अंतिम फैसला लेगी। रायगड के अलावा नुकसान प्रभावित दूसरे जिलों का भी ख्याल रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात के आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र सरकार की तरफ से मदद का भरोसा दिया था। इसलिए चक्रवाती तूफान के कारण राज्य में हुए नुकसान की पूरी जानकारी मिलने के बाद केंद्र से मदद मांगने पर फैसला किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्राथमिकता तय की गई है। इसके लिए रायगड में अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए बाहर से कर्मचारियों की टीम देनी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवाती तूफान निसर्ग का संकट टल गया है, लेकिन आने वाले दिनों में इससे बड़ा संकट कोरोना का है, क्योंकि बारिश में कोरोना का प्रसार कितना होगा? इसका अनुमान अभी नहीं है। 

बारिश में मौसमी बीमारियों के फैलने का डर है। मुख्यमंत्री के दौरे के समय पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे, मत्स्य व्यवसाय मंत्री असलम शेख, प्रदेश की उद्योग राज्य मंत्री तथा रायगड की पालक मंत्री अदिती तटकरे समेत दूसरे जनप्रतिनिधि और अफसर मौजूद थे। 

Created On :   5 Jun 2020 1:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story