मुंबई में इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत 

11 killed during a building collapse in Mumbai
मुंबई में इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत 
मुंबई में इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के मालाड इलाके में तीन मंजिला इमारत बगल की एक मंजिला इमारत पर गिर गई। हादसे में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई जबकि सात जख्मी हो गए। मुंबई पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपए जबकि केंद्र सरकार ने 2-2 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है। दुर्घटना बुधवार रात ग्यारह बजकर 10 मिनट पर हुई। न्यू कलेक्टर कंपाउंट में इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और महानगर पालिका की टीमें राहत और बचाव के काम में जुट गईं। मलबे से 18 लोगों को निकाला गया। अस्पताल ले जाने के बाद इनमें से 11 को मृत घोषित कर दिया गया जबकि एक 30 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

दूध लेकर लौटे तो खत्म हो चुका था घर परिवार

हादसे  का शिकार हुई इमारत में मोहम्मद रफी का परिवार रहता था। रफी बुधवार रात 10 बजे घर से दूध लेने निकले थे। लेकिन जब वे वापस लौटे तो घर मलबे में बदल चुका था। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से रफी मलबे से अपनो को खोजने की कोशिश करते रहे और जब मलबा हटा तो परिवार के नौ सदस्यों के शव उसमें से निकले। हादसे में रफी की पत्नी, दो बेटे एक बेटी के साथ भाई-भाभी और उनके बच्चों की भी जान चली गई।

इनकी गई जान

हादसे में मृतकों की पहचान साहिल सैयद (9), आरिफ शेख (9), शफीक मोहम्मद सिद्दीकी (45), तौसीफ सिद्दीकी (15), अलीशा सिद्दीकी (10) अलिफशा सिद्दीकी (1), हसीना सिद्दीकी (6), इशरत बानों सिद्दीकी (40), रहीशा बनो सिद्दीकी (40), ताहिसा सिद्दीकी (12) और जॉन इर्रान्ना (12) के रुप में हुई है। 

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

दुर्घटना के मामले में मालवणी पुलिस स्टेशन में इमारत के मालिक रिजवान सिद्दीकी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। हादसे में सिद्दीकी घायल है जबकि उसके परिवार के 9 सदस्यों की मौत हो गई है। मामले में पुलिस जल्द ही सिद्दीकी का बयान दर्ज करेगी। इससे पहले दुर्घटनास्थल पर पहुंचे संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नागरे पाटील ने कहा कि चक्रवात ताऊ ते के बाद मालिक ने इमारत में कुछ ढांंचागत बदलाव किए थे। पुलिस को शक है कि हादसा इसी के चलते हुआ।

मुआवजे के ऐलान

हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए राज्य सरकार ने 5-5 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है जबकि घायलों के इलाज के खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी  ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए का आर्थिक सहायता का ऐलान किया।

राष्ट्रीय सचिव भाजपा सुनील देवधर ने कहा कि मालाड में गिरी इमारत का निर्माण अवैध रुप से किया गया था। हादसे में जान गवाने वाले मुस्लिम समुदाय के लोग भ्रष्टाचार और वोट बैंक राजनीति का शिकार हुए हैं। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सबक सिखाने के लिए आगामी बीएमसी चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल करना चाहिए।’
                                 
     

 

Created On :   10 Jun 2021 12:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story