होली के दिन विदर्भ में 20 लोगों की अलग - अलग हादसों में गई जान

20 people died in different incidents in Vidarbha on Holi festival
होली के दिन विदर्भ में 20 लोगों की अलग - अलग हादसों में गई जान
होली के दिन विदर्भ में 20 लोगों की अलग - अलग हादसों में गई जान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यूं तो होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, लेकिन पिछले 48 घंटों में विदर्भ के कई जिलों में हुए विभिन्न हादसों में कुल 20 लोगों की मृत्यु हो जाने से अनेक घरों में होली के दिन मातम पसरा रहा। चंद्रपुर जिले के इरई, वर्धा और पैनगंगा नदी में गुरुवार को नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मृत्यु हो गई। मृतकों के  चंंद्रपुर निवासी राहुल सुरेश गाडगे,  गुलाब आनंदराव राऊत, व  मंथन उर्फ करण अनिल काले का समावेश है। उधर गड़चिरोली की भामरागढ़ तहसील में गुरुवार को नहाने गए 2 लोगों की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। मृतकों के नाम लष्कर गांव निवासी रमेश दलसू तलांडी और आरेवाड़ा निवासी रितेश रामलु हिडामी बताए जाते हैं। 

इसी तरह अमरावती जिले की धामनगांव रेलवे तहसील के आष्टा परिसर की वर्धा नदी में गुरुवार को नहाने गए युवक विशाल गणेश उईके की डूब जाने से मौत हो गई। उधर गोंदिया जिले की गोरेगांव तहसील के कटंगी मध्यम प्रकल्प के जलाशय में शुक्रवार को पिंडकेपास निवासी युवक कन्हैया भीमराज साखरे का शव पाया गया। वह विगत १७ मार्च से घर से लापता था। अमरावती के एमआईडीसी पर हुई एक दुर्घटना में गोविंदनगर निवासी कुमार बजाज की मृत्यु हो गई।

चंद्रपुर जिले की मुलचेरा तहसील के विवेकानंद गांव करंट लगने से गुरुवार को दो युवकों की मृत्यु हो गई। मृतकों के नाम रमेश लक्ष्मण आत्राम और दौलत बच्चा मड़ावी बताए जा रहे हैं। 

चंद्रपुर जिले की भद्रावती तहसील में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।  मृतक का नाम ओमप्रकाश गुप्ता बताया जाता है। दूसरी घटना में गुरुवार 11 बजे के दौरान तहसील के ग्राम जेना में रहनेवाले तकवीर बंडू इनामे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। 

यवतमाल जिलें में होली के दिन हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। आर्णी, नेर, रालेगांव थाने के अंतर्गत हुई। इन घटनाओं में कलंब निवासी राहुल मनोहर खंडारे, धानोरा निवासी शुभम सुरेश शेंडे, पहुर निवासी संजय धांदे, बबलू खराटे की मृत्यु हो गई। 

गोंदिया जिले की अर्जुनी मोरगांव व सालेकसा में हुई दो दुर्घटनाओं में दो की मौत हो गई। मृतक का नाम सालेकसा तहसील के दरबड़ा निवासी राहुल ऋषिकेश मेश्राम बताया जाता है।  एक अन्य घटना में  गंभीर रूप से घायल गोरेगांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्रीराम चंद्रिकापुरे गंभीर की नागपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। 

गड़चिरोली जिले में गुरुवार शाम एक काली-पीली टैक्सी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में गड़चिरोली के सर्वोदय वार्ड निवासी नरेंद्र शालिकराम मेहरे और कोटगल निवासी बारकू बुधाजी कांबले  की मृत्यु हो गई। 

Created On :   22 March 2019 5:32 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story