3 पंपिंग यूनिट बंद- उपराजधानी में जलसंकट, 50% जलापूर्ति

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर को जलापूर्ति करने वाले कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र में फ्लाई ऐश मिलने से 3 पंपिंग यूनिट अभी भी बंद हैं। सिर्फ 3 पंपिंग यूनिट से शहर को जलापूर्ति की जा रही है। 50 प्रतिशत क्षमता से जलापूर्ति होने के कारण शहर के अनेक हिस्सों में जलसंकट की स्थिति बन गई है। आशी नगर, लकड़गंज, नेहरू नगर और सतरंजीपुरा जोन के 28 जलकुंभों से जलापूर्ति होने वाले सैकड़ों इलाकों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। जानकारों का कहना है कि जब तक कन्हान नदी में पानी का बहाव कम नहीं हो जाता, फ्लाई ऐश का रुकना मुश्किल है। मनपा-ओसीडब्ल्यू और खापरखेड़ा पॉवर प्लांट प्रशासन निगरानी रखे हुए हैं।
टैंकर भी नहीं पहुंच रहे
मूसलाधार बारिश के कारण कन्हान नदी उफान पर है। जिस कारण खापरखेड़ा पॉवर प्लांट की फ्लाई एेश बहकर कन्हान नदी में मिल गई है। 10 जुलाई को जैसे ही इसकी खबर मिली, तुरंत कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र के पंपिंग स्टेशन को बंद किया गया था। तबसे यह समस्या बनी हुई थी। टैंकरों से भी जलापूर्ति नहीं हो रही है।
स्थिति पर नजर है
राजेश घुगे, मुख्य अभियंता, खापरखेड़ा पॉवर प्लांट के मुताबिक नदी में पानी का बहाव तेज है। जब तक बहाव कम नहीं होता, फ्लाई ऐश स्थिर नहीं होगी। फिलहाल हमारी नजर बनी हुई है। लगातार पानी की सैंप्लिंग की जा रही है।
Created On :   17 July 2022 6:07 PM IST