धान बेचने वाले 48 हजार किसानों को 315 करोड़ की निधि का इंतजार

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले के पंजीकृत किसानों ने शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर करोड़ाें रुपयों का लाखाें क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा है। लेकिन समय पर निधि नहीं मिलने के कारण पिछले 10 दिनों से धान बेचने वाले 48 हजार किसानों को धान बिक्री की राशि 315 करोड़ रुपए का इंतजार करना पड़ रहा है। समय पर धान बिक्री की राशि नहीं मिलने से किसानों में नाराजी देखी जा रही है।
बता दें कि गोंदिया जिले में 107 से अधिक धान खरीदी केंद्रों पर किसानों द्वारा धान बेचा जा रहा है। धान िबक्री के बाद किसानों के बैंक खातों में धान खरीदी की राशि जमा की जाती है। अब तक 89 हजार 900 पंजीकृत धान उत्पादक किसानों ने धान खरीदी केंद्रों पर 31 लाख 10 हजार क्विंटल धान की बिक्री की गई है। जिसका मूल्य 634 करोड़ 45 लाख 34 हजार 742 रुपए है। धान बिक्री के बाद जिला मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से किसानों के खातों में धान बिक्री की राशि जमा की जाती है। जिससे किसान लिया हुआ कर्ज अदा करता है वहीं अपनी जरूरतंे पूरी करने के लिए खरीददारी करता है और फिर से किसान इसी रुपयों से धान तथा मौसमी फसलों का उत्पादन लेने के लिए काम पर लग जाता है।
लेकिन शासन की ओर से समय पर धान बिक्री का पैसा किसानों के बैंक खातों में जमा नहीं किए जाने से किसानों को फिर से अपने काम निपटाने के लिए दूसरों से उधारी लेना पड़ रहा है। बताया गया है कि 89 हजार 900 किसानों में से 41 हजार 689 किसानों के खातों में धान बिक्री की राशि जमा की गई है। लेकिन अभी भी 48 हजार 230 किसानों के खातों में 315 करोड़ 2 लाख 85 हजार रुपए जमा नहीं किए गए हैं।
इस संदर्भ में पूछा गया तो जानकारी दी गई कि फिलहाल निधि नहीं मिलने के कारण किसानों के खातों में धान बिक्री की राशि जमा नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही राशि प्राप्त होने जा रही है। इस तरह की बात जिला मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से बताई जा रही है।
Created On :   16 Jan 2023 7:54 PM IST