49 करोड़ मिले नहीं, मनपा ने कर डाली 122 करोड़ की मांग

डिजिटल डेस्क, नागपुर. अंतरराष्ट्रीय जी-20 परिषद के लिए शहर को चमकाया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहों को सजाने की जिम्मेदारी महानगरपालिका पर डाली गई है। इस काम के लिए राज्य सरकार ने 49 करोड़ रुपए निधि को मंजूरी दी। हालांकि अभी तक निधि प्राप्त नहीं हुई। मंजूर निधि पर्याप्त नहीं रहने से मनपा ने 122 करोड़ रुपए निधि उपलब्ध कराने का संशोधित प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। मनपा स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधीक्षक अभियंता मनोज तालेवार ने यह जानकारी दी।
मार्च में जी-20 की बैठक
जी-20 विश्व के आर्थिक सक्षम देशों का संगठन है। विश्व स्तर पर अर्थव्यवस्था, वर्तमान स्थिति और भविष्य के नियोजन पर बैठक में चर्चा के बाद नीतियां तय की जाएगी। देश के विविध शहरों में बैठकों का आयोजन किया गया है। उसमें से एक बैठक मार्च महीने में नागपुर में होने वाली है। 20 देशों के 200 से अधिक प्रतिनिधि बैठक में शामिल होंगे।
यहां रहने का इंतजाम : जी-20 के लिए नागपुर में आने वाले 20 देशों के प्रतिनिधियों के रहने का इंतजाम वर्धा रोड स्थित होटल रेडिसन ब्लू और ली मेरिडियन में किया गया है। इस परिसर को चमकाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिषद का विस्तृत कार्यक्रम फिलहाल प्राप्त नहीं हुआ। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त होने पर उस दृष्टि से तैयारी की रूपरेखा तय की जाएगी।
Created On :   8 Jan 2023 8:09 PM IST