चंद्रपुर की नदी का गाद निकालने का 50 प्रतिशत काम मानसून से पहले पूरा होगा- उपमुख्यमंत्री

50 percent work of desilting the Chandrapur river will be completed before the monsoon
चंद्रपुर की नदी का गाद निकालने का 50 प्रतिशत काम मानसून से पहले पूरा होगा- उपमुख्यमंत्री
विधान परिषद- प्रश्नोत्तर चंद्रपुर की नदी का गाद निकालने का 50 प्रतिशत काम मानसून से पहले पूरा होगा- उपमुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चंद्रपुर की इरई नदी का गाद निकालने का 50 प्रतिशत काम को आगामी मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री तथा जलसंसाधन मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह आश्वासन दिया। शुक्रवार को प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी और कांग्रेस समर्थित सदस्य सुधाकर आडबाले ने गाद निकालने के संबंध में सवाल पूछा था। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रपुर के जिलाधिकारी ने गाद निकालने के लिए जिला नियोजन समिति के बजट से निधि देने को मंजूरी दी है। इसलिए इरई नदी में गाद निकालने के काम की शुरुआत जल्द होगी। उन्होंने कहा कि गाद निकालने के काम की निगरानी भी की जाएगी। ठेकेदार को गाद निकालने का सबूत दिखाना होगा। उसके बाद ही काम के बिल को मंजूर किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले इरई नदी के गाद निकालने के काम में यदि कोई गड़बड़ी हुई होगी तो उसकी भी जांच कराई जाएगी।

3 करोड़ 94 लाख की परियोजना पर 263 करोड़ 90 लाख खर्च, पर काम पूरा नहीं हुआ  

नंदूरबार के अक्कलकुवा तहसील के दहेली बांध के काम के लिए संशोधित प्रशासनिक मंजूरी अगले एक महीने में प्रदान की जाएगी। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री तथा जलसंसाधन मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। शिवसेना ( उद्धव गुट) के विधायक आमश्या पाडवी ने दहेली बांध का काम नहीं होने के संबंध में सवाल पूछा था। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दहेली बांध परियोजना को साल 1979 में मंजूरी मिली थी। उस समय देहली बांध परियोजना 3 करोड़ 95 लाख रुपए की थी। इस परियोजना पर साल 2022 तक 263 करोड़ 90 लाख रुपए खर्च हो चुका है। परियोजना का काम संशोधित प्रशासनिक मंजूरी न मिलने के कारण ठंडे बस्ते में चला गया था। लेकिन सरकार ने अब परियोजना को गति देने का फैसला लिया है। इस दौरान शिवसेना सदस्य पाडवी ने कहा कि मैं जब छोटा था तब परियोजना को मंजूरी मिली थी। मैं 55 साल का हो गया हूं लेकिन अभी हमें बांध का पानी नहीं मिल पाया है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी 60 साल की आयु पूरी होने से पहले पानी मिल जाएगा।

चंद्रपुर की घोडाझरी नहर काम साल 2024 में पूरा होगा

चंद्रपुर के नागभीड तहसील में गोसीखुर्द परियोजना के तहत घोडाझरी नहर का काम जून 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री तथा जलसंसाधन मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह आश्वासन दिया है। प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य रामदास आंबटकर ने नहर के काम के संबंध में सवाल पूछा था। इस दौरान कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी ने परियोजना के काम में हो रही देरी को लेकर सवाल उठाया। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2006 में परियोजना के ठेके में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था। इसके लिए एक जांच समिति बनाई गई थी। समिति की रिपोर्ट में भ्रष्टाचार होने की बात सामने आई थी।  

जालना के सहायक पुलिस निरीक्षक नागवे की जांच सीआईडी के पास देंगे    

जालना के परतुर तहसील के आष्टी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी नागवे पर किसानों से मारपीट को लेकर लगे आरोपों की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) से कराई जाएगी। इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह आश्वासन दिया। प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य गोपीचंद पडलकर ने पुलिस अधिकारी द्वारा किसानों को मारपीट करने के संबंध में सवाल पूछा था। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नागवे द्वारा मारपीट के वीडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट 15 दिनों में आ जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर नागवे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

Created On :   3 March 2023 4:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story