यवतमाल में मिले और 8 पॉजिटिव ,अमरावती में मृतकों की संख्या 3 पर पहुंची

8 corona positives found in Yavatmal number 13
यवतमाल में मिले और 8 पॉजिटिव ,अमरावती में मृतकों की संख्या 3 पर पहुंची
यवतमाल में मिले और 8 पॉजिटिव ,अमरावती में मृतकों की संख्या 3 पर पहुंची

डिजिटल डेस्क,यवतमाल,अमरावती।  यवतमाल शहर में गुरुवार 23 अप्रैल को 8 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन बेहद अलर्ट हो गया है। अमरावती में भी मृत्यु के बाद दो महिलाओं की रिपोर्ट में उनके कोरोना संक्रमित होने की बात उजागर होने के बाद अब कोरोना से मरनेवालों का आकड़ा 3 पर पहुंच गया है। यवतमाल में गुरुवार को 8 नए पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस रिपोर्ट के बाद यहां पर अब पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 24 पर पहुंच चुकी है। इससे पूर्व 10 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अब 14 लोग अस्पताल में उपचाररत हैं। इन 8 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शहर के दो प्रभागों में स्थित 6 इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी मरीज दिल्ली के मरकज से लौटे लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।

जिलाधिकारी एम.डी.सिंह के अनुसार सभी मरीज एक ही क्षेत्र के रहनेवाले हैं और अब प्रतिबंधित क्षेत्र का दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने शनिवार 25 अप्रैल से सोमवार 27 अप्रैल तक शहर पूरी तरह से बंद रखने की भी घोषणा की है। अमरावती शहर के हैदरपुरा तथा कमेला ग्राउंड परिसर में 20 अप्रैल को दो महिलाओं की मृत्यु हो गई थी। इन दोनों महिलाओं के थ्रोट स्वैब के नमूने जांच के लिए भिजवाए गए थे। बुधवार 22 अप्रैल की देर रात उनकी रिपोर्ट आने के बाद दोनों महिलाएं कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। इन दोनों महिलाओं के संपर्क में आए 48 लोगों के थ्रोट स्वैब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पूर्व हाथीपुरा निवासी  कोरोना संक्रमित की मृत्यु हो गई थी। आगामी दो दिन में शहर से जांच के लिए भेजे गए थ्रोट स्वैब के नमूनों की रिपोर्ट आने की संभावना है। इनमें से अधिकांश वह लोग हैं जो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए थे। इसी कारण आगामी दो दिन प्रशासन और नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने हैदरपुरा और कमेला ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
 
नागपुर से सटे तुमसर के 18 मार्गों पर कड़ी निगरानी
नागपुर और भंडारा की सीमा पर स्थित तुमसर तहसील मुख्यालय के 18 छोटे-बड़े मार्गों पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त लगाया गया है। नागपुर जिला रेड जोन में होने और शासकीय कर्मचारियों की आवाजाही नागपुर से तुमसर में लगातार होने के कारण ऐहतियात के तौर पर यह कदम उठाए जाने की जानकारी मिली है। नागपुर जिले में संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तुमसर के उपविभागीय अधिकारी नितीन सदगीर ने गुरुवार 23 अप्रैल को नागपुर जिले से जुड़े 2 प्रमुख मार्ग व 16 छोटे मार्ग इस प्रकार कुल 18 मार्गों को सील कर दिया गया है। इसी प्रकार भंडारा जिले की अड्याल ग्राम पंचायत के ग्रामसेवक ने क्वारंटाइन किए गए लोगों की जानकारी सोशल मिडिया पर वायरल कर दी जिस कारण उसके खिलाफ अड्याल थाने में अपराध दर्ज किया गया है।

Created On :   23 April 2020 11:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story