- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- 99 धान खरीदी केंद्रों को मिली...
99 धान खरीदी केंद्रों को मिली मंजूरी, 1 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में मौसम साफ होने एवं दीपावली का त्यौहार निपटने के साथ ही धान की कटाई का कार्य अब तेजी शुरू होने की उम्मीद है। मानसून की विदाई के बाद अब तेज धूप प्रतििदन खिलने लगी है। जिसके कारण खेतों में भरा पानी भी लगभग सूख गया है। जिससे धान की कटाई के अनुकुल मौसम के कारण अब जल्द ही धान की कटाई शुरू हो जाएगी और किसान अपना धान बिक्री के लिए शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर लाना शुरू कर देंगे।
जिले के सहायक मार्केटिंग अधिकारी अजय बिसने ने जानकारी दी कि मार्केटिंग फेडरेशन के कुल 107 केंद्रों में से 99 केंद्रों को ही इस वर्ष खरीफ मौसम के धान की खरीदी की अनुमति दी गई है। रबी मौसम में धान की खरीदी में हुई अनियमितता उजागर होने के बाद 8 केंद्रों को अभी अनुमति नहीं दी गई है। इनके विषय में वरिष्ठ स्तर पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर जिन्हें अनुमति दी गई है, उनमें किसानों के पंजीकरण का काम चल रहा है। 24 अक्टूबर तक लगभग 36 हजार किसानों का पंजीकरण हो चुका है। पंजीकरण की प्रक्रिया 10 नवंबर तक चलेगी। प्रतिवर्ष 1 से 1.20 लाख तक किसानों का पंजीकरण होता है। दीवाली के बाद अब पंजीकरण प्रक्रिया तेजी से शुरू होगी।
इस बार भी पंजीकरण 1 लाख से ऊपर होने की उम्मीद है। 31 अक्टूबर को मंजूरी प्राप्त शासकीय धान खरीदी केंद्रों को खरीदी शुरू करने के आदेश दिए जाएंगे एवं 1 नवंबर से इन केंद्रों पर धान की खरीदी शुरू होगी। किसानों को धान की कटाई एवं चुराई के बाद शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर ही अपना धान बिक्री कर समर्थन मुल्य का लाभ उठाना चाहिए। यह आव्हान भी उन्होंने किया है।
Created On :   26 Oct 2022 6:50 PM IST