दबंगों से परेशान दंपति ने की कलेक्टर ऑफिस में खुदकुशी की कोशिश

डिजिटल डेस्क, निजामाबाद। कलेक्ट्रेट में उस वक्त अफरातफरी का माहौल बना, जब एक दंपति ने दफ्तर के सामने खुद को आग के हवाले करने की कोशिश की। जो मिट्टी का तेल अपने साथ लाए और शरीर पर छिड़क कर आग लगाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि वहां मौजूद पुलिस ने वक्त रहते दोनो को आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। पुलिस के मुताबिक दंपति पिछले 12 साल से स्कूल में मिड डे मील चला रहे थे। लेकिन दो महीने पहले उन्हें काम से हटा दिया गया था। प्रधानाध्यापक नारायण और उनके साथियों ने उन्हें हटाने के लिए किसी तरह का नोटिस भी नहीं दिया। दंपति का आरोप है कि उनके साथ किसी रंजिश के तहत ऐसा किया गया है।
बिना नोटिस काम से हटाया
गांव की सरपंच कविता ने वीडिसी सदस्य से कई बार गुजारिश की, फिर भी उन्हें दोबारा काम पर नहीं रखा गया। मामले में दंपति ने तहसीलदार से भी शिकायत की थी। तहसीलदार ने कहा था कि उन्हें काम से हटाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने श्रमिक न्यायालय में शिकायत दर्ज करवा प्रधान अध्यापक को नोटिस भी जारी किया था। लेकिन प्रधान अध्यापक ने छात्रों से कहकर दंपति के मकान पर हमला कराने का प्रयास किया। इससे परेशान रमेश और सुनिता ने पुलिस की शरण ली थी। मामला यहीं नहीं रुका दबंगों के कहने पर दंपति का गांव से बहिष्कार कर दिया गया।
दबंगों ने जारी किया फरमान
पीड़ित परिवार के मुताबिक दबंगों ने फरमान जारी करवाया कि उनसे कोई भी बात ना करे और जो बात करेगा उससे 5 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। इस पर जिला मुख्यालय में न्याय के लिए दंपति ने गुहार लगाई। इस दौरान उन्होंने आत्महत्या का का प्रयास किया। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया था। मामले की जांच जारी है।
Created On :   31 Oct 2017 9:51 PM IST