- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रियंका गांधी की टीम में शामिल हुआ...
प्रियंका गांधी की टीम में शामिल हुआ विदर्भ का युवा
![A Vidarbha youth joins team of Priyanka Gandhi Vadra in UP state A Vidarbha youth joins team of Priyanka Gandhi Vadra in UP state](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2019/02/sachin_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की टीम में विदर्भ के युवा को स्थान मिला है। कांग्रेस व विशेषकर गांधी परिवार से यहां के कार्यकर्ताओं का सीधा संबंध रहा है। ऐसे में विदर्भ के युवा को उत्तरप्रदेश की खास जिम्मेदारी दी जा सकती है। प्रियंका गांधी की टीम में शामिल हुआ सचिन नाइक यवतमाल जिले की पुसद तहसील के फुलसावंगी का निवासी है। नाइक परिवार पहले से ही कांग्रेस से जुड़ा है। सचिन के दादा सटवराव नाइक स्वतंत्रता सैनिक रहे हैं। नाइक परिवार धनगर समाज से है। फिलहाल महाराष्ट्र में धनगर आरक्षण की मांग प्रमुखता से उठ रही है।
प्रियंका गांधी को महासचिव बनाए जाने के बाद उनके सहयोग के लिए कांग्रेस ने 3 सचिव नियुक्त किए हैं। उन सचिवों में 2 महाराष्ट्र से हैं। सचिन नाइक के अलावा बाजीराव खोडे को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। बाजीराव कोल्हापुर के हैं। सचिन ने वकालत की पढ़ाई नागपुर से की है। काफी समय से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने एनएसयूआई में लंबे समय तक काम किया है। 2008 में राजीव गांधी पंचायत राज समिति में नियुक्त हुए थे। उसके बाद उन्होंने विविध राज्यों में संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। आंध्रप्रदेश व तेलंगाना में चुनाव कार्य में प्रमुखता से योगदान दिया। अब वे प्रियंका गांधी के साथ उत्तरप्रदेश में लोकसभा चुनाव की प्रमुख जिम्मेदारी संभालेंगे।
विदर्भ से खास जुड़ाव है गांधी परिवार का
कांग्रेस व गांधी परिवार से विदर्भ के नेताओं का पहले से जुड़ाव रहा है। एन के पी सालवे व वसंत साठे जैसे विदर्भ के नेता तो इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी के समय में गांधी परिवार के किचन कैबिनेट के सहयोगी माने जाते थे। रामटेक से सांसद रहे मुकुल वासनिक कांग्रेस के रणनीतिकारों में गिने जाते हैं। कांग्रेस महासचिव के तौर पर वे राहुल गांधी के साथ काम कर रहे हैं। सोनिया गांधी अध्यक्ष थी तब भी वासनिक महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके वासनिक गांधी परिवार से सबसे करीबियों में गिने जाते हैं।
दूसरे महासचिव अविनाश पांडे नागपुर से विधायक व राज्यसभा सदस्य रहे हैं। राजस्थान के चुनाव में उनकी मुख्य भूमिका रही है। राजस्थान की राजनीतिक स्थिति पर राहुल गांधी सबसे पहले अविनाश पांडे की सलाह लेते हैं। राहुल गांधी ने कांग्रेस के दो महत्वपूर्ण विंग की जिम्मेदारी भी यहीं के नेताओं को दी है। पूर्व मंत्री नितीन राऊत को कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। पूर्व सांसद नाना पटोले कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष हैं।
Created On :   23 Feb 2019 10:10 AM GMT