दीवार के साथ छठवीं मंजिल से गिरे मिस्त्री ने तोड़ा दम, अलग अलग हादसों में गईं जानें

A worker died from fell down of wall, other labors are not injured
दीवार के साथ छठवीं मंजिल से गिरे मिस्त्री ने तोड़ा दम, अलग अलग हादसों में गईं जानें
दीवार के साथ छठवीं मंजिल से गिरे मिस्त्री ने तोड़ा दम, अलग अलग हादसों में गईं जानें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेझनबाग में एक भीषण हादसा हुआ। निर्माण के कुछ देर बाद दीवार ढह गई, जिससे छठवीं मंजिल से गिरे मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे में उसके साथी मजदूर बाल-बाल बच गए। इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। जरीपटका थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। बेझनबाग में हरक्रिशन पब्लिक स्कूल के बाजू में अब्बास नामक व्यक्ति की छह मंजिला इमारत है। रविवार को इमारत की छठवीं मंजिल पर दीवार का निर्माण कार्य जारी था। दीवार खड़ी करने के बाद  मिस्त्री शेख असलम शेख रशीद (56), फारुख नगर, टेका नाका निवासी गैलरी में खड़े रहकर बाकी का काम कर रहा था। इस दौरान दीवार ढह गई। दीवार के साथ संतुलन बिगड़ने से असलम भी छठवीं मंजिल से गिर गया। सिर के बल गिरने से असलम गंभीर रूप से घायल हुआ। साथी मजदूर बाल-बाल बच गए। असलम को गंभीर हालत में मेयो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्राथमिक उपचार के पूर्व चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। इस भीषण हादसे से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी व दहशत का माहौल बना रहा। हादसा सुरक्षा कारणों के अभाव में होने का माना जा रहा है। इस बीच प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

 

जुआ अड्डे पर छापा 9 लोग गिरफ्तार

कामठी के नए पुलिस थाना अंतर्गत नेरी गांव में संतोषी माता मंदिर के समीप एक खुली जगह में अवैध रूप से चले रहे जुआ अड्डे पर छापा मार कर पुलिस ने 9 जुआरियों को रविवार को गिरफ्तार कर उनके पास से 86 हजार 910 रुपए का माल जब्त किया। नेरी गांव के संतोषी माता मंदिर के समीप खुली जगह में कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे थे। यह जानकारी कामठी के नए पुलिस थाने को मिली। खबर मिलते ही डीबी पथक के पुलिस उपनिरीक्षक विनोद धोंगडे, ज्ञानचंद दुबे, दिलीप कुमरे, प्रमोद वाघ, वेदप्रकाश यादव, मंगेश गिरि, ललित शेंडे, राहुल ठाकुर और श्रीकांत विश्वनुरकर ने तुरंत घटनास्थल पर जाकर छापा मारा। इस समय कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसों की हार जीत की बाजी खेल रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल से 8 माेबाइल व नकदी 7 हजार 910 रुपए इस प्रकार कुल 86 हजार 910 रुपए का माल जब्त कर प्रवीण निकालजे (21), अमन बोरकर (23) दोनों लिहीगांव, सचिन काकुनिया (29) आजनी, राजेश उर्फ गोलू बिसेन (31) नेरी, दुर्गेश वंजारी (22) नेरी, देवीदास ठाकरे (26) नेरी, नीरज ढोले (25) सक्करदरा नागपुर, ओमप्रकाश भाेयर (30) उनगांव, वासुदेव गोंडाने (42) उनगांव कामठी निवासी का समावेश है। कार्रवाई डीसीपी निलोत्पल, एसीपी राजेश परदेशी के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष बाकल के नेतृत्व में की गई।

 

निर्माणाधीन स्थान पर मजदूर की मौत

वहीं हुड़केश्वर थानांतर्गत रविवार को निर्माणाधीन इमारत में मजदूर मृत पाया गया। अत्याधिक मात्रा में दारू का सेवन करने से उसकी मौत होने का कयास लगाया जा रहा है। इस बीच आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज िकया गया है। मृतक अनार सिंह नामक मजदूर था। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले का निवासी अनार सिंह वर्तमान में बेसा रोड स्थित निर्माणाधीन फ्लैट स्कीम काम करता था और वहीं रहता था। रविवार की सुबह आठ बजे के दौरान इमारत में अनार सिंह को मृत पाया गया। साथी मजदूर मनोज मड़ावी ने बताया कि पोला उत्सव होने से काम बंद था। इस कारण अनारसिंह ने उत्सव के आनंद में दो दिन जमकर दारू का सेवन किया। इससे उसकी मौत होने का प्रारंभिक रूप से कयास लगाया जा रहा है।

 

सर्पदंश से युवक की मौत

उधर धामना में पोले के दिन शाम 10 बजे के करीब एक नवयुवक की सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अलपेस भावराव तायडे (29) अपने परिवार के साथ धामना में किराए से रहता था। रात 9 बजे खाना खाकर खर्रा खाने घर से सड़क पर गया। पोले के कारण चौक की खर्रा की दुकान बंद होने से वह पैदल ही रोड पर निकला। रोड के लिए अंडर ब्रिज से रास्ता होने से ब्रिज के नीचे सांप दिखने से घबरा गया, तभी पुलिया के नीचे कीचड़ होने से वह फिसलकर गिर गया तभी उसे सांप ने काट लिया। तब उसने अपने किसी दोस्त को बताकर घर आया। उसे तुरंत शासकीय अस्पताल नागपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अलपेश वृद्ध मां-बाप का सहारा था, जिसको 1 बेटी, मां-बाप तथा एक भाई है। गौर तलब है कि, पुलिया के नीचे पानी जमा रहता है और आजू बाजू साफ सफाई नहीं होने से जहरीले जानवरों का हमेशा डर बना रहता है। इस संबंध में संबंधितों को भी जानकारी है। फिर भी कोई ध्यान नहीं देता। यदि लाइट गई तो पुल के नीचे अंधेरा छा जाता है। वहां पर सौर ऊर्जा लाइट लगाने की मांग नागिरकों ने की है।

 

हिंगना क्षेत्र के तालाब में मिला शव

इसके अलावा हिंगना क्षेत्र के तालाब में एक 35 से 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हिंगना पुलिस ने शव का तालाब से बाहर निकाला। इस दौरान तालाब परिसर में नागरिकों की भारी भीड़ जुट गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार  मोहंगाव (खुर्द) परिसर में सातबाई तालाब है। इस तालाब में रविवार को कुछ लोगों ने एक शव देखा। उसके बाद हिंगना पुलिस को सूचना मिली। यह तालाब व्याहाडपेठ के करीब मोहंगाव खुर्द में है। रविवार की शाम करीब 4 बजे कुछ ग्रामीणवासियों को यह शव पानी में नजर आया। उसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पानी के अंदर शव अधिक समय रहने के कारण पूरी तरह खराब हो गया था, जिससे उसे पहचानने में परेशानी हो रही थी। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए गुमशुदा लोगों के बारे में छानबीन शुरू कर दी है। हिंगना पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

Created On :   2 Sept 2019 6:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story