सावन सोमवार पर पिंडकेपार के शिवमंदिर में हुआ अभिषेक

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। नगर में दक्षिण दिशा की ओर गौपुरी पथमार्ग के समीप ग्राम पिंडकेपार शिवालय में द्वितीय सोमवार, 25 जुलाई को प्रात:काल से ही शिवभक्तों की अभिषेक करने के लिए भीड़ लगी रही। अपने परिवार की मंगलकामना के लिए भक्त श्रद्धापूर्वक भगवान शिवजी की आराधना करने दूर-दराज क्षेत्र से यहां पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त शिव मंदिर में पिंडदान की विधी पूर्ण की जाती है। शास्त्रों में उल्लेखितानुसार सावन मास को भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए विशेष माना गया है। इस माह पूरी श्रद्धा के साथ विधिवत अनुष्ठान फलदायक होता है, जो भक्तों की मनोकामना पूर्ण करने के लिए भगवान शीघ्र प्रसन्न होते हैं। कहा जाता है कि विश्व कल्याण के लिए भगवान शिव संसार में शिवलिंग के रूप में विद्यमान है। शिवलिंग में साक्षात भगवान शिव स्वयं वास करते हैं। उनकी पूजा में 36 भोग नहीं लगाए जाते। मात्र भांग, धतुरे व बेलपत्र के चढ़ावे से भोलेनाथ प्रसन्न हो जाते हैं। इस परिप्रेक्ष्य में सोमवार को द्वितीय सोमवार पर भक्तों द्वारा शिवालय में जाकर जल, दूध, दही, शक्कर, घी, शहद (पंचामृत) से शिवलिंग का विधिवत अभिषेक कर मोली, वस्त्र, जनेऊ, चंदन, रोली, चावल, फूल, बेलपत्र, भांग, आक-धतुरा, कमलगट्टा अर्पित कर पूरे विधि-विधान के साथ पूजन कर श्रद्धालु भक्तों ने परिवार के लिए मंगल कामना की। इसी क्रम में सावन मास में क्षेत्र के महादेव मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं।
Created On :   26 July 2022 7:14 PM IST