चर्च के कब्रिस्तान में तोड़फोड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Accused arrested in case of vandalism in church cemetery
चर्च के कब्रिस्तान में तोड़फोड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार
मुंबई महानगर चर्च के कब्रिस्तान में तोड़फोड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के माहिम इलाके में चर्च के कब्रिस्तान में तोड़फोड़ के मामले में मुंबई पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम दाऊद अंसारी है। उसे नई मुंबई के कलंबोली इलाके से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने सेंट माइकल कैथलिक चर्च में घुसकर वहां लगे 18 क्रास तोड़ दिए थे। इस घटना से ईसाई समुदाय में बेहद नाराजगी थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद माहिम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरु की थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई गई थी। तोड़फोड़ करने वाले अंसारी की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गईं थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे जल्द ही खोज निकाला। डीसीपी मनोज पाटील ने बताया कि आरोपी को नई मुंबई के कलंबोली इलाके से गिरफ्तार किया गया वह वहीं का रहने वाला है और अपने चाचा की दुकान में काम करता है। आरोपी यहां कैसे पहुंचा और उसने चर्च में तोड़फोड़ क्यों की इसकी जांच की जा रही है। डीसीपी पाटील ने कहा कि यह मामला गंभीर है इसलिए इससे जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इस बात की भी छानबीन की जाएगी कि क्या आरोपी ने  किसी और के कहने पर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी माहिम क्यों आया था और क्या यहां उसका कोई रिश्तेदार रहता है इसकी भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अंसारी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला नहीं है। 

 

Created On :   8 Jan 2023 10:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story