कार्यक्षेत्र से हटे तो होगी कार्रवाई, नियुक्ति क्षेत्र में डटे रहने का आदेश

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जिला प्रशासन ने मानसून की सक्रियता को देखते हुए राजस्व विभाग के अधिकारियों को कार्यक्षेत्र में डटे रहने के आदेश जारी किए हैं। वरिष्ठ अधिकारी की मंजूरी के बाद ही छुट्टी पर जाने को कहा गया है। दूसरी तरफ शनिवार व रविवार छुट्टी के दिन अधिकारी कार्यक्षेत्र छोड़कर शहर में स्थित अपने घर चले जाते हैं। ऐसे अधिकारियों पर कौन नजर रखेगा, इसकी कोई विशेष व्यवस्था प्रशासन के पास नहीं है।
वरिष्ठ अधिकारी को देंगे जानकारी
मानसून में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। इस प्राधिकरण की अध्यक्ष िजलाधीश हैं। छुट्टी के लिए वरिष्ठ अधिकारी की मंजूरी को जरूरी कर दिया है। जरूरी होने पर वरिष्ठ अधिकारी को बताकर ही कार्यक्षेत्र से बाहर जाया जा सकता है। अतिवृष्टि में बाढ़ या अन्य आपदा का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लोककर्म विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, जलसंपदा विभाग के अधिकारियों का मौके पर रहना जरूरी होता है।
लोकेशन का पता नहीं चलता
अधिकांश तहसीलदार व नायब तहसीलदारों के निवास नागपुर शहर में हैं। शनिवार व रविवार को वे शहर में आ जाते हैं। मानसून सक्रिय होने से जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों को अति सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए जरूरी उपाय करने व पूर्व तैयारी करने को कहा है। जिला प्रशासन ने जरूरी आदेश तो जारी कर दिए, लेकिन छुट्टी के दिन तहसीलदार, नायब तहसीलदार कहां हैं, इस पर नजर रखने की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। अधिकारियों के बीच मोबाइल से बातचीत होती है, लेकिन लोकेशन का पता नहीं चलता है कि वे कहां पर हैं।
क्या है नियम : अधिकारी कार्यक्षेत्र में ही रहते हैं, इसके लिए वे जिस जगह रहते हैं, वहां का पता प्रशासन को देना होता है। सरकारी क्वार्टर में रहें, तो प्रशासन को अलग से जानकारी देने की जरूरत नहीं होती है। किराए के मकान में रहें, तो मकान मालिक के नाम के साथ घर का पता देना होता है। राजस्व अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी सही है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए प्रशासन के प्रतिनिधि उस जगह का आैचक निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाते हैं। कई अधिकारी तो रोज जाना-आना करते हैं।
सख्त कार्रवाई होगी : जिलाधीश आर. विमला ने कहा कि कार्यक्षेत्र में डटे रहने के आदेश एसडीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी की मंजूरी के बाद ही अवकाश पर जाने को कहा गया है। आदेश पर अधिकारी अमल करते हैं, ऐसा माना जा सकता है। जो अधिकारी आदेश पर अमल नहीं करेगा, उसको परिणाम भुगतने पड़ेंगे। मानसून सक्रिय होने से अधिकारी कार्यक्षेत्र में डटे होने की जानकारी है। कोई इस पर अमल नहीं करता है, तो यह कर्तव्य व भरोसे के साथ दगाबाजी है। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होगी।
Created On :   10 July 2022 7:25 PM IST