कृषि क्षेत्र पर पड़ रहा मौसम के बदलाव का असर : फडणवीस

Agriculture sector is affected with climate change - Fadnavis
कृषि क्षेत्र पर पड़ रहा मौसम के बदलाव का असर : फडणवीस
कृषि क्षेत्र पर पड़ रहा मौसम के बदलाव का असर : फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मौसम में बदलाव का असर कृषि क्षेत्र पर पड़ा है। कृषि क्षेत्र में अस्थिरता है। किसानों के विकास के लिए कृषि संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण व ज्ञान की आवश्यकता है। आधुनिक तरीके से खेती करने से ही कृषि क्षेत्र में विकास हो सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मौसम की जानकारी, जमीन व पानी के परीक्षण जैसे मामलों पर प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को निश्चित ही लाभ होगा। वसंतराव नाइक राज्य कृषि विस्तार व्यवस्थापन प्रशिक्षण संस्था वानामति के वसंतराव नाइक स्मृति सभागृह के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री बोल रहे थे। 

जलयुक्त शिवार योजना का मिल रहा लाभ 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वसंतराव नाइक ने मुख्यमंत्री रहते हुए दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया। कृषि व जलसंसाधन क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया। जलयुक्त शिवार योजना का लाभ मिल रहा है। राज्य को बड़े बांधों के बजाय जलसंधारण की आवश्यकता है। कार्यक्रम में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, महापौर नंदा जिचकार, राज्यसभा सदस्य अनिल महात्मे, विधायक सुधाकर देशमुख, विधान परिषद सदस्य प्रकाश गजभिये, विधान परिषद सदस्य गिरीश व्यास, अपर मुख्य सचिव विजय कुमार, विभागीय आयुक्त अनूप कुमार, वानामति के संचालक रवींद्र ठाकरे, वरिष्ठ प्रशासन अधिकारी सुवर्णा पांडे उपस्थित थे।

इस अवसर पर वानामति सभागृह के निर्माण के लिए पूर्व संचालक विजय घावटे, गिरीश मानापुरे, अभियंता सुरेश बोरीकर, कलाकार नीलेश इंगले का सम्मान किया गया। कृषि सहायकों द्वारा तैयार किए गए कृषि मोबाइल एप का विमोचन भी किया गया। संचालन रेणुका देशकर ने किया। आभार वनामति के उपसंचालक जगन राठोड़ ने माना। 

डॉ. खिरवडकर ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात 
नागपुर | दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र के संचालक पद पर हाल ही में डॉ. दीपक खिरवडकर की नियुक्ति राज्यपाल ने की। डॉ. खिरवडकर ने अपना पदभार संभालने के बाद मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व राज्यपाल सी. विद्यासागर राव से सदिच्छा मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री व राज्यपाल के साथ दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र के कामों को लेकर चर्चा हुई। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी प्रमुखता से उपस्थित थे। 
 

Created On :   29 April 2018 5:23 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story