श्री संतोष चौबे को राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान दिये जाने की घोषणा

AISECT Bhopal: Announcement to give National Gunkar Mule Samman to Shri Santosh Choubey
श्री संतोष चौबे को राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान दिये जाने की घोषणा
सम्मान श्री संतोष चौबे को राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान दिये जाने की घोषणा

डिजिटल डेस्क, भोपाल।  मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा हिंदी विज्ञान लेखन के क्षेत्र में दिये जाने वाले राष्ट्रीय गुणाकर मुळे सम्मान के लिए श्री संतोष चौबे का चयन हुआ है। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2020 के लिए दिया जायेगा। इस सम्मान में एक लाख रुपये की सम्मान राशि सम्मान पट्टिका और शॉल-श्रीफल प्रदान किया जाता है। शासन द्वारा दिये जाने वाला यह एक महत्वपूर्ण सम्मान है जो विज्ञान के क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा दिये गये सम्पूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है। 

हिन्दी में कम्प्यूटर और सूचना तकनीक पर लेखन की शुरुआत श्री संतोष चौबे ने ही की थी। इस महत्वपूर्ण काम को आरंभ से ही हिन्दी विज्ञान लेखन में मानक की तरह लिया जाता रहा है। पिछले लगभग पैंतीस वर्षों में उन्होंने सूचना तकनीक] कम्प्यूटर] विज्ञान एवं इलेक्ट्रॉनिक्स पर पचास से अधिक पुस्तकों का लेखन, अनुवाद एवं संपादन किया है और देश भर के सभी हिन्दी प्रदेशों में वे बड़ी संख्या में छात्रों द्वारा पढ़ी जाती रही हैं। म.प्र. हिन्दी ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रकाशित उनकी पहली पुस्तक ^कम्प्यूटर एक परिचय* के ग्यारह संस्करण छप चुके हैं, जिसकी बिक्री संख्या दस लाख से भी अधिक है। सूचना तकनीक पर आधारित डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों तथा पुस्तकों के निर्माण में भी उन्होंने बड़ा योगदान दिया है।

उन्हें मध्यप्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी द्वारा संपूर्ण विज्ञान लेखन के लिए डॉ. शंकरदयाल शर्मा सम्मान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा मेघनाद साहा पुरस्कार, पूर्व राष्ट्रपति डॉ.ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा इंडियन इनोवेशन एवार्ड-2005 तथा नेस्कॉम आईटी इनोवेशन एवार्ड-2006 प्रदान किया गया है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस अवार्ड, इंडियन फोरम का प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय i4d अवार्ड, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी विभाग द्वारा पुस्तक ^बेसिक प्रोग्रामिंग* का प्रथम पुरस्कार भी इन्हें मिले हैं। आपके द्वारा प्रकाशित विज्ञान आधारित हिन्दी में प्रकाशित पत्रिका इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए को राष्ट्रीय राजभाषा शील्ड सम्मान, भारतेन्दु पुरस्कार, रामेश्वर गुरु पुरस्कार, सारस्वत सम्मान आदि से सम्मानित किया गया है। यह पत्रिका वे विगत 34 वर्षों से नियमित प्रकाशित और संपादित कर रहे हैं जो हिन्दी में इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना तकनीक की देश की पहली पत्रिका है।

संतोष चौबे द्वारा लिखित पुस्तकें विज्ञान के छात्रों में अत्यधिक लोकप्रिय है जिसमें कम्प्यूटर एक परिचय, बेसिक प्रोग्रामिंग, कम्प्यूटर आपके लिये, शब्द संसाधन, प्रणाली विश्लेषण एवं डिज़ाइन, डी बेस-AAA+, इलेक्ट्रॉनिक परिपथ, कम्प्यूटर परिचय (दो भाग में), कम्प्यूटर अनुप्रयोग (दो भाग में), कम्प्यूटर की दुनिया (तीन भाग में), कम्प्यूटर आपके लिये (तीन भाग में) शामिल हैं। उनके सौ से अधिक टेक्निकल पेपर्स और आलेखों का विभिन्न संगोष्ठियों में वाचन एवं समाचार पत्र, पत्रिकाओं में प्रकाशन हुआ है। 

श्री संतोष चौबे ने लोकप्रिय विज्ञान अनुसृजन शृंखला के अंतर्गत तीन चरणों में लगभग पचास पुस्तकों का संपादन भी किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने विज्ञान कथा संचयन ^सुपरनोवा का रहस्य* विज्ञान कथा कोश छह खण्डों में तथा विज्ञान कविता कोश चार खण्डों में संपादित किया है। उन्होंने विज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रचार-प्रसार के लिए आपने आईसेक्ट तथा सी.वी. रामन विज्ञान संचार केंद्र जैसी संस्थाओं की स्थापना की जिनका इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान रहा है।


 

Created On :   27 July 2022 2:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story