शिवसेना सांसद शेवाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर महिला ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

Allegations of sexual harassment- woman writes letter to Chief Minister regarding action against Shiv Sena MP Shewale
शिवसेना सांसद शेवाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर महिला ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
यौन उत्पीड़न के आरोप  शिवसेना सांसद शेवाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर महिला ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना सांसद राहुल शेवाले पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। महिला ने अपने पत्र में लिखा है कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। वहीं शेवाले की पत्नी कामिनी उनके बचाव में सामने आईं हैं और दावा किया है कि महिला के आरोप छवि खराब करने की साजिश है। बता दें कि शेवाले की शिकायत के आधार पर अदालत के निर्देश के मुताबिक पुलिस पहले ही महिला के खिलाफ बदनाम करने की धमकी देकर जबरन वसूली के आरोप में एफआईआर दर्ज कर चुकी है। 

महिला ने जारी किया वीडियो 

महिला ने मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर उन्हें टैग कर साझा भी किया है। महिला ने शेवाले के साथ अपना एक वीडियो भी ट्विटर पोस्ट किया है। महिला के मुताबिक शेवाले ने यह कहते हुए उससे नजदीकी बढ़ाई थी कि उनकी पत्नी के साथ रिश्ते अच्छे नहीं हैं और जल्द ही दोनों का तलाक होने वाला है। महिला के मुताबिक शेवाले ने तलाक के बाद उससे शादी का वादा किया था। इसके बाद उसके साथ दिल्ली, मुंबई, जयपुर जैसी जगहों पर शारीरिक संबंध बनाए। 

शारजाह की जेल में बीते 78 दिन 

महिला के मुताबिक उसने पिछले साल अगस्त महीने में शादी को लेकर कड़ाई से पूछा तो शेवाले ने टालमटोल शुरु कर दिया। इसके बाद उसने मीडिया में जाने की बात कही। उसने शेवाले के साथ एक होटल में खाना खाने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। शेवाले ने शारजाह में अपने संबंधों का इस्तेमाल करते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी जिसके चलते उसे शारजाह में 78 दिन जेल में रहना पड़ा। शेवाले के चलते उसका करियर खराब हो गया। महिला ने इसी साल 20 अप्रैल को साकीनाका पुलिस स्टेशन में शेवाले के खिलाफ शिकायत करते हुए दुष्कर्म और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। महिला ने दावा किया है कि उसने शिकायत के साथ पुलिस को सीडी भी सौंपी है जिसमें इस बात के सबूत हैं कि शेवाले और उसके संबंध थे। महिला के मुताबिक वह न्याय के लिए हर संभव कोशिश कर चुकी है लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। महिला के मुताबिक उसने दुबई में 11 साल कारोबार किया है। उसकी आर्थिक स्थिति अच्छी है और उसे किसी से जबरन पैसे वसूलने की जरूरत नहीं है लेकिन शेवाले उसे बदनाम कर रहे हैं। महिला ने अपने लिए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। 

आरोप बदनाम करने की साजिश-कामिनी शेवाले 

महिला का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राहुल शेवाले की पत्नी कामिनी ने उनका बचाव करते हुए कहा है कि आरोप निराधार हैं और शेवाले के 25 साल के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को खत्म करने के लिए साजिश के तहत उन्हें बदनाम किया जा रहा है। महिला ने मुझे और मेरे परिवार के लोगों को मारने की धमकी दी थी और पैसे भी मांगे थे। इसके खिलाफ हमने अदालत का दरवाजा खटखटाया था और अदालत के निर्देश पर महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अपराध के चलते महिला को शारजाह में जेल की हवा खानी पड़ी थी। महिला की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी आपराधिक है और उसका भाई दुष्कर्म और हत्या के मामले में दिल्ली में जेल की सजा काट रहा है।    

 

Created On :   19 July 2022 9:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story