पुलिस भर्ती दौड़ में शामिल अमरावती के युवक ने तोड़ा दम, शुक्रवार को वाशिम के युवक की हुई थी मौत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस की भर्ती शारीरिक क्षमता परीक्षा में शामिल होने के बाद अमरावती के एक 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। जान गंवाने वाले युवक का नाम अमर सोलंकी है। सोलंकी अमरावती के नवसारी का रहने वाला था। इससे पहले शुक्रवार को वाशिम के 26 वर्षीय गणेश उगले नाम के युवक की 1600 मीटर दौड़ पूरी करने के बाद मैदान में ही मौत हो गई थी। सोलंकी सोमवार रात मुंबई पहुंचा था और दक्षिण मुंबई के एक होटल में रुका था। ड्राइवर कांस्टेबल के पद के लिए सोलंकी मंगलवार को कालीना युनिवर्सिटी ग्राउंड पर हुई शारीरिक क्षमता परीक्षा में शामिल हुआ। सुबह मैदान में सभी तरह के टेस्ट देने के बाद होटल में लौट गया था। भर्ती के दौरान मेडिकल टीम से उसने किसी तरह की परेशानी की शिकायत नहीं की लेकिन होटल पहुंचने के बाद वह नहाने गया तो उसे तबीयत खराब महसूस हुई। इसके बाद उसे उल्टी हुई और बेहोश हो गया। कमरे में मौजूद महिला ने होटल के मैनेजर को सूचना दी जिसके बाद सोलंकी को सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद एमआरए मार्ग पुलिस ने एडीआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है साथ ही मौत की वजह जानने के लिए विसरा के नमूने की भी जांच की जा रही है। सोलंकी के अभिभावकों को सूचना दे दी गई है। वे मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या उन्हें पहले कोई स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी थी।
Created On :   22 Feb 2023 9:15 PM IST