राज्य के 413 नगर निकायों में चलाया जाएगा अमृत अभियान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्र सरकार के अमृत 2.0 अभियान को महाराष्ट्र में लागू करने के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। राज्य के 413 शहरी नगर निकायों में अमृत अभियान के दूसरे चरण को लागू किया जाएगा। इस अभियान की अवधि साल 2021-22 से 2025-26 तक होगी। प्रदेश में लगभग 50 प्रतिशत जनसंख्या शहरी इलाकों में है। अमृत अभियान के दूसरे चरण के लिए कुल 27 हजार 700 करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। जिसमें केंद्र सरकार 9 हजार 285 करोड़ रुपए उपलब्ध कराएगी। राज्य सरकार की निधि और स्थानीय निकयों की निधि को मिलाकर 18 हजार 415 करोड़ रुपए उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के तहत नगर निकायों को मिलने वाली निधि में से 52.81 प्रतिशत निधि जलापूर्ति परियोजना, 41.35 प्रतिशत निधि मलजल उपचार संयंत्र और 5.84 प्रतिशत निधि जल स्त्रोतों के पुनरुज्जीवन और हरित क्षेत्र परियोजनाओं को विकसित करने के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके पहले साल 2015 से राज्य में अमृत अभियान के पहले चरण को शुरू किया गया था। उस अभियान में केवल 44 शहरों को शामिल किया गया था।
Created On :   14 July 2022 9:28 PM IST