BJP को लग सकता है झटका, कांग्रेस में जा सकते हैं आशीष देशमुख !

Ashok Deshmukh met with Ashok Chavan in National Capital Delhi
BJP को लग सकता है झटका, कांग्रेस में जा सकते हैं आशीष देशमुख !
BJP को लग सकता है झटका, कांग्रेस में जा सकते हैं आशीष देशमुख !

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा में नाराज चल रहे विधायक आशीष देशमुख फिर एक बार चर्चा में हैं। पिता रणजीत देशमुख के साथ दिल्ली पहुंचे विधायक देशमुख ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण के साथ मुलाकात की है। चर्चा का विषय स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन इससे राजनीतिक चर्चाओं को बल मिल गया है। यह उनके कांग्रेस की ओर बढ़ते कदमों को माना जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले दिनों पूर्व सांसद नाना पटोले ने इसी तरह दिल्ली में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर अपनी इंट्री पक्की कराई थी। बता दें कि भाजपा विधायक आशीष देशमुख पिछले कुछ समय से पार्टी में नाराज हैं।

पृथक विदर्भ के मुद्दे पर जताई नाराजगी
नागपुर अधिवेशन से ठीक पहले पृथक विदर्भ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी सार्वजनिक की थी। इसके बाद किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे। सीधे मुख्यमंत्री पर हमला बोला था। हाल में काटोल में ठिय्या आंदोलन कर सरकार की मुसीबतें भी बढ़ाई थी। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को भी काटोल ले गए थे। इसके परिणाम देखने को मिले। पूर्व मंत्री व उनके पिता रणजीत देशमुख को जिला प्रशासन की ओर से पहले संपत्ति नीलामी का नोटिस थमाया गया। उसके बाद लता मंगेशकर हॉस्पिटल की जमीन का दुरुपयोग करने के मामले में नोटिस जारी हुआ। इसके बाद से विधायक देशमुख द्वारा अपना अलग रास्ता तलाशे जाने की चर्चा जोरों पर है। फिलहाल दिल्ली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण से हुई मुलाकात ने इन चर्चाओं को हवा दे दी है। मंगलवार को उनकी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष से दिल्ली के सेंट्रल हॉल में मुलाकात होने की  जानकारी है। पूर्व मंत्री रणजीत देशमुख भी साथ थे।

इस बात पर अटका पेंच
सूत्रों के मुताबिक, विधायक देशमुख और उनके समर्थक कांग्रेस में जाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेस भी इच्छुक बताई जा रही है।  लेकिन निर्वाचन क्षेत्र को लेकर उनका पेंच अटक गया है। देशमुख जिस काटोल-नरखेड़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं, वहां राष्ट्रवादी कांग्रेस का दावा है। राष्ट्रवादी की तरफ से अनिल देशमुख अनेक सालों तक यहां से चुनकर आए हैं। ऐसे में राष्ट्रवादी वहां से अपना दावा नहीं छोड़ेगी। इसे लेकर कांग्रेस उन्हें सावनेर से दावेदारी देने के मूड में है।

इस बात पर कांग्रेस में प्रवेश पक्का
सावनेर से कांग्रेस के विधायक सुनील केदार, प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण हटाओ मुहिम में पूर्व मंत्री सतीश चतुर्वेदी के साथ सक्रिय रहे हैं। इस कारण प्रदेशाध्यक्ष चव्हाण भी सावनेर में केदार के टक्कर वाला कोई उम्मीदवार ढूंढ रहे है। अगर आशीष देशमुख सावनेर से चुनाव लड़ने पर सहमति जताते हैं, तो उनका कांग्रेस प्रवेश पक्का हो सकता है। सावनेर निर्वाचन क्षेत्र वैसे भी देशमुख परिवार के लिए अनुकूल रहा है। रणजीत देशमुख सावनेर निर्वाचन क्षेत्र से 1985 से 1995 तक निर्वाचित हुए हैं।

Created On :   8 March 2018 4:01 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story