- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एनसीपी नेता आव्हाड ने विधानभवन में...
एनसीपी नेता आव्हाड ने विधानभवन में बांटी चीनी, कहा- मोदी को पसंद है पाकिस्तानी चीनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एनसीपी के नेता विधायक जीतेंद्र आव्हाड ने तंज कसा कि राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान का विरोध करनेवाले प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी को पाकिस्तानी चीनी पसंद है। यही कारण है कि केंद्र सरकार ने पाक से 15 लाख टन चीनी का आयात किया है। राकांपा नेता आव्हाड ने विधान भवन में पाकिस्तानी चीनी दिखाते हुए कहा कि यहां गन्ना उत्पादक किसान मर रहा है। शक्कर कारखानों की हालत खराब है, अनेक बंद हो रहे हैं आैर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान से चीनी ला रहे हैं।
राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान के विरोध का लगाया आरोप
विधायक जीतेंद्र आव्हाड़ ने कहा कि अपने राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान का विरोध करनेवाले प्रधानमंत्री का दोहरा चेहरा इससे नजर आता है। केंद्र सरकार के फैसले का निषेध करते हुए उन्होंने उपस्थितों को चीनी बांटी। प्रधानमंत्री की कार्यशैली का कड़ा विरोध करते हुए किसानों के माल को उचित मूल्य देने की मांग की। इसी क्रम में भावनात्मक आह्वान करके गुजरात में चुनावी लाभ उठाने का आरोप भी भाजपा पर लगाया।
मुंबई मनपा के तीन टुकड़े करने के बयान पर दी सफाई
मुंबई मनपा के तीन टुकड़े करने के शिवसेना-भाजपा के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंबई की जनसंख्या बहुत ज्यादा है। वहां के लोगों को अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था व मूलभूत सुविधा मिले, इसके लिए जरूरी है कि मुंबई मनपा आयुक्तालय के तीन भाग होने चाहिए। शहर, पश्चिम और पूर्व आयुक्तालय बनना चाहिए।
नसीम खान के बयान का समर्थन, कहा तोड़ मरोड़ कर पेश किया बयान
विधायक जीतेंद्र आव्हाड ने कांग्रेस नेता नसीम खान के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि सत्तापक्ष नसीम खान के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर जनता में भ्रम फैलाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि मुंबई मनपा में सीईआे नियुक्त करने की मांग भाजपा ने किस आधार पर की थी।
Created On :   19 Dec 2017 10:12 PM IST