भारती ने संभाला विशेष पुलिस आयुक्त का पद, पहली बार बना पद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विशेष पुलिस आयुक्त बनाए गए देवेन भारती ने गुरूवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी से मुलाकात की। पद ग्रहण करने के बाद भारती ने ट्वीट किया कि मुंबई पुलिस एक टीम है और सिंघम का कोई अस्तित्व नहीं है। दरअसल भारती की नियुक्ति के बाद से ही कई सवाल उठ रहे हैं। इसको लेककर राजनीति शुरु हो गई है। मुंबई पुलिस में नए पद के सृजन को लेकर विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है।
माना जा रहा है कि इस कदम से सरकार ने मुंबई के वर्तमान पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर को पद से हटाए बिना ही उनके पर कतर दिए हैं। मुंबई के पांचों संयुक्त पुलिस आयुक्त अब देवेन भारती को रिपोर्ट करेंगे यानी कानून व्यवस्था से लेकर अपराध तक पर अब भारती का नियंत्रण होगा। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले भारती की निचले स्तर के अधिकारियों पर अच्छी पकड़ है और लंबे समय तक मुंबई में काम करने के अनुभव के चलते आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनाव के लिए वे अहम साबित हो सकते हैं।
नदारद कड़ी जोड़ी हैः फडणवीस
भारती की नियुक्ति पर राज्य के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि पहले मुंबई पुलिस कमिश्नर का पद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के स्तर का था जब मैं मुख्यमंत्री बना तो वह पद पुलिस महानिदेशक (डीजी) स्तर का कर दिया था। पद क्रम के मुताबिक संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्तर के अधिकारी होते हैं। आईजी स्तर के अधिकारी को एडीजी स्तर के अधिकारी को रिपोर्ट करना चाहिए और एडीजी को डीजी स्तर के अधिकारी को रिपोर्ट करना चाहिए। मुंबई की अहमियत को देखते हुए कमिश्नर के पद को डीजी स्तर का किया गया था लेकिन एडीजी स्तर का पद पहले नहीं बनाया जा सका था। भले ही पद को विशेष पुलिस आयुक्त नाम दिया गया है लेकिन वह मुंबई पुलिस आयुक्त के अधीन ही है। उन्हें मुंबई पुलिस आयुक्त को रिपोर्ट करना है एक कड़ी नदारद थी वह ठीक कर दी गई है।
सत्ता का दो केंद्र होंगे तैयारः पूर्व गृहमंत्री
राज्य के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ राकांपा नेता दिलीप वलसे पाटील ने मुंबई में विशेष पुलिस आयुक्त बनाए जाने पर कहा है कि इससे सत्ता का दोहरा केंद्र तैयार होगा और निचले स्तर के अधिकारी असमंजस में होंगे कि किसके आदेश का पालन करना है। कानूनन यह गलत नहीं है और सरकार को यह पद बनाने का अधिकार है लेकिन दोनों अधिकारियों के बीच कामकाज का बंटवारा किस तरह किया गया है यह अभी देखना है।
गैर संवैधानिक तरफदारीः मेनन
आम आदमी पार्टी की नेता प्रीति शर्मा मेनन ने भी मुंबई के विशेष पुलिस आयुक्त पद पर भारती की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी देवेन भारती के लिए शीर्ष पद सृजित किया गया है। सोचिएदेवेंद्र फडणवीस देवेन भारती के कितने आभारी हैं कि उन्हें संविधान से आगे बढ़कर उनको लाभ पहुंचाना पड़ा है।
Created On :   5 Jan 2023 9:59 PM IST