भूषण गगराणी मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव

Bhushan Gagrani Additional Chief Secretary to Chief Minister
भूषण गगराणी मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव
जिम्मेदारी भूषण गगराणी मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साल 1990 बैच के आईएएस अफसर भूषण गगराणी को अपना अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया है। गगराणी मुख्यमंत्री शिंदे के अतिरिक्त मुख्य सचिव होंगे। शिंदे ने नई सरकार बनने के करीब 20 दिनों बाद मुख्यमंत्री सचिवालय (सीएमओ) में पहली बड़ी नियुक्ति की है। बुधवार को राज्य सरकार की तरफ से गगराणी की सीएमओ में बतौर अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किया गया। गगराणी पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और भाजपा सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रधान सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। गगराणी फिलहाल नगर विकास विभाग (1) के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे। उनके पास जल संसाधन विभाग और मराठी भाषा विभाग का अतिरिक्त कार्यभार था। सीएमओ में नई जिम्मेदारी के साथ ही गगराणी के पास फिलहाल नगर विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और मराठी भाषा विभाग का अतिरिक्त कार्यभार अगले आदेश तक कायम रहेगा। शिंदे ने शिवसेना के बागी विधायकों और भाजपा के गठजोड़ वाली सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में बीते 30 जून को शपथ ली थी। उसके बाद से आईएएस अफसर आशीष कुमार सिंह सीएमओ का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। मगर मुख्यमंत्री सचिवालय में नए अफसरों की नियुक्ति का इंतजार था। अब शिंदे ने अनुभवी अफसर गगराणी को मुख्यमंत्री सचिवालय में नियुक्त किया है।

अमरावती के विभागीय आयुक्त बने दिलीप पांढरपट्टे  

राज्य सरकार ने अमरावती के विभागीय आयुक्त पद पर दिलीप पांढरपट्टे की नियुक्ति की है। पांढरपट्टे राज्य के मृदा व जल संरक्षण विभाग के सचिव पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें मृदा व जल संरक्षण विभाग के सचिव पद का कार्यभार नंद कुमार को सौंपकर अमरावती विभाग के नए आयुक्त का पदभार तत्काल स्वीकार करने को कहा है। 

 

Created On :   20 July 2022 9:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story