शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं लोकसभा के दो-तिहाई सांसद

Big blow to Uddhav! Two-thirds of Lok Sabha MPs may join Shinde faction
शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं लोकसभा के दो-तिहाई सांसद
उद्धव को तगड़ा झटका! शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं लोकसभा के दो-तिहाई सांसद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। प्रदेश की सत्ता गंवा चुके उद्धव को अब पार्टी बचाने में पसीने छूट रहा है। जानकारी के मुताबिक विधायकों के बाद अब पार्टी के दो-तिहाई सांसद भी शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि शिवसेना के 12 से 13 सांसद आज शिंदे गुट की बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए।

सांसदों के साथ प्रधानमंत्री से मिलेंगे शिंदे!

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस आज रात दिल्ली पहुंच रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि देर रात दिल्ली आने के बाद मुख्यमंत्री समर्थक सांसदों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे इन सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के बाद शिवसेना के दो-तिहाई से ज्यादा सांसद कल शिंदे गुट के साथ जाने की घोषणा करेंगे और लोकसभा में अलग बैठने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखेंगे। सूत्रों की मानें तो बागी सांसदों की संख्या अभी बढ़ने वाली है। इसके पहले शिवसेना के शिंदे गुट ने मुंबई में बैठक की, जिसमें मुख्यमंत्री शिंदे को पार्टी का नया नेता चुना गया और नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी भी घोषणा की गई है।

संजय राऊत के घर बैठक में पहुंचे 5 सांसद

हालांकि शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने संसदीय दल में टूट की संभावना से इंकार किया है। इस बीच सोमवार की देर शाम संजय राऊत के आवास पर सांसदों की एक बैठक हुई, जिसमें लोकसभा के पांच सांसद ही पहुंचे। इनमें विनायक राऊत, अरविंद सावंत, राजन विचारे, संजय जाधव और ओमराजे निंबालकर का नाम शामिल है। गजानन कीर्तिकर स्वास्थ्य कारणों से मुंबई में हैं। हालांकि आज राऊत के आवास पर हुई बैठक में मौजूद सांसदों में से एक-दो के पाला बदलने की संभावना जताई जा रही है।
 

Created On :   18 July 2022 2:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story