नागपुर में भाजपा की हार पर फडणवीस बोले - हमें मिली सबसे ज्यादा 103 सीटें, मनपा उपचुनाव परिणाम कल

BJP defeat in Nagpur, Fadnavis said - we got maximum 103 seats
नागपुर में भाजपा की हार पर फडणवीस बोले - हमें मिली सबसे ज्यादा 103 सीटें, मनपा उपचुनाव परिणाम कल
नागपुर में भाजपा की हार पर फडणवीस बोले - हमें मिली सबसे ज्यादा 103 सीटें, मनपा उपचुनाव परिणाम कल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि नागपुर जिला परिषद चुनाव में विधानसभा चुनाव का असर पड़ा है। लेकिन नागपुर में भाजपा की बड़ी हार नहीं हुई है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में 6 जिलों के जिला परिषद चुनाव के नतीजों पर समीक्षा बैठक हुई। फडणवीस ने कहा कि पिछली बार के नागपुर जिला परिषद चुनाव में भाजपा को 21 सीटें और शिवसेना को 8 सीटें मिली थीं। लेकिन इस बार भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग जिला परिषद का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भाजपा को 15 सीटें मिली है। फडणवीस ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी नागपुर में भाजपा को थोड़ा झटका लगा था। नागपुर में विधानसभा की 6 में से केवल 2 सीटें मिली थीं। इसका असर जिला परिषद चुनाव में पड़ा है। फडणवीस ने कहा कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की स्थिति ऐसी है कि दूसरे के घर में बच्चा पैदा होने पर पेड़ा बांट रहे हैं। इनको पेड़ा बांटना बंद कर देना चाहिए। फडणवीस ने कहा कि तीनों दलों को यह समझना चाहिए कि जिला परिषद में भाजपा को सबसे अधिक 103 सीटें मिली हैं। जबकि कांग्रेस को 73, राकांपा को 46 और शिवसेना 49 सीटें मिली हैं। 

मनपा उपचुनाव : शुक्रवार को मतगणना, कई बूथ पर मतदाताओं के नाम गायब 

उधर नागपुर नगरसेवक जगदीश ग्वालबंसी के निधन से रिक्त हुई प्रभाग-12(ड) के उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। सुबह 7.30 बजे मतदान की शुरूआत हुई। शाम 5.30 बजे तक करीब 38.09 प्रतिशत मतदान रहा। अनेक जगहों पर मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायतें आतीं रहीं। कुछ देर के लिए ईवीएम मशीन भी बंद होने की खबर है। फ्रेंड्स कॉलोनी के साईंबाबा स्कूल में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी रही। फिलहाल इन घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनावी मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार विक्रम ग्वालबंसी और कांग्रेस उम्मीदवार पंकज शुक्ला में सीधी टक्कर मानी जा रही है। चुनाव के दौरान मनपा में सत्तापक्ष नेता संदीप जाधव, शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके दिन भर प्रभाग में घूमकर चुनावी रूख और मतदान केंद्रों की स्थिति का जायजा लेते दिखे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक विकास ठाकरे भी प्रभाग में नजर आए। शुक्रवार 10 जनवरी को सुबह 8 बजे से धरमपेठ जोन कार्यालय में मतगणना की जाएगी। 8 टेबल पर सात फेरियों पर मतगणना की जाएगी। दोपहर 12 बजे तक अंतिम नतीजे घोषित होने का दावा किया गया है। 

नेता पुत्रों पर दांव 

लोकसभा चुनाव के दौरान नगरसेवक जगदीश ग्वालबंसी का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से रिक्त हुई प्रभाग-12(ड) के लिए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने नेता पुत्रों पर दांव लगाया। भाजपा से विक्रम ग्वालबंसी, कांग्रेस के पंकज शुक्ला, भारिप बहुजन महासंघ के प्रफुल गणवीर, आप के आकाश कावले, निर्दलीय अशोक डोर्लीकर चुनावी मैदान में थे। प्रभाग के 58 हजार 162 मतदाताओं में कुल 22 हजार 151 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। 

ऐसी दिखी स्थिति

मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायतें भी रहीं। खासकर गिट्टीखदान स्थित मराठी मनपा शाला मतदान केंद्र से कई लोगों के नाम गायब होने की शिकायत मिलीं। सुरेंद्र नगर समेत अन्य कुछ मतदान केंद्रों से भी नाम को लेकर चर्चाएं होती रहीं। फ्रेंड्स कॉलोनी, दाभा स्थित मतदान केंद्रों पर ईवीएम कुछ समय के लिए बंद होने की खबरें हैं। हालांकि कुछ देर बाद ईवीएम पूवर्वत दिखी। फ्रेंड्स कॉलोनी के साईबाबा स्कूल में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति देखी गई। निर्दलीय उम्मीदवार अशोक डोर्लीकर ने अन्य उम्मीदवारों के समर्थकों द्वारा ऑटो में मतदाताओं को भरकर लाने पर आपत्ति जताई। हालांकि इन सारी उठा-पटक के बावजूद मतदान धीमा रहा। सुबह 10 बजे के बाद मतदान केंद्रों से भीड़ नदारद नजर आई। दोपहर 4 बजे के बाद यह भीड़ थोड़ी बहुत बढ़ी, जिसके कारण मतदान 39.09 प्रतिशत तक पहुंच पाया। 

 

 

Created On :   9 Jan 2020 5:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story