ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पर शिवसेना से चर्चा को तैयार है भाजपा, बैठक में हुआ निर्णय

ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पर शिवसेना से चर्चा को तैयार है भाजपा, बैठक में हुआ निर्णय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने को लेकर चल रही रस्साकशी के बीच भाजपा ने अब गेंद शिवसेना के पाले में डाल दी है। प्रदेश के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना से चर्चा के लिए तैयार है। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास पर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई जिसके बाद मुनगंटीवार का यह बयान सामने आया है।

मुनगंटीवार ने कहा कि हम किसी भी विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं पर चर्चा की शुरुआत शिवसेना को करनी पड़ेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा पर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें प्रदेश की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में नई सरकार बनाने के लिए शिवसेना के प्रस्ताव का इंतजार करेंगे, लेकिन सरकार हम ही बनाएंगे।

मुनगंटीवार ने कहा कि यदि शिवसेना कह रही है कि भाजपा की तरफ से सरकार बनाने के लिए प्रस्ताव नहीं आया है तो हम शिवसेना को दोबारा प्रस्ताव देने के लिए तैयार हैं लेकिन शिवसेना पहले कहे कि उन्हें प्रस्ताव नहीं मिला है। मुनगंटीवार ने कहा कि किसी भी समय में मीडिया को यह खबर पता चल जाएगी कि हम सरकार बना रहे हैं।

फडवीस के नेतृत्व में बनेगी सरकारः पाटील
उधर, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि नई सरकार बनाने के लिए शिवसेना ने अब तक कोई प्रस्ताव नहीं दिया है। हमें उम्मीद है कि शिवसेना जल्द से जल्द प्रस्ताव देगी। उस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए भाजपा के द्वार 24 घंटे खुले हैं। पाटील ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा-शिवसेना महायुति को सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया है। इस जनादेश का आदर करते हुए जल्द से जल्द नई सरकार बनाई जाएगी।

भाजपा सभी घटक दलों को साथ लेकर सरकार बनाएगी। पाटील ने कहा कि राज्य में फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनेगी। इसके लिए भाजपा के संसदीय बोर्ड ने मुख्यमंत्री पद के लिए फडणवीस का चयन हुआ है। पाटील ने कहा कि पूरी भाजपा फडणवीस के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के आवास पर हुई बैठक में फडणवीस, पाटील, मुनगंटीवार के अलावा जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन और ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री वी सतीश, प्रदेश संगठन मंत्री विजयराव पुराणिक मौजूद थे।

नहीं आएगी राष्ट्रपति शासन की नौबतः मलिक
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रवक्ता विधायक नवाब मलिक ने कहा है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन की नौबत नहीं आने देंगे। यदि शिवसेना ने तय किया तो हम महाराष्ट्र में वैकल्पिक सरकार दे सकते हैं। राज्य के राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि राकांपा शिवसेना के साथ मिलकर राज्य में सरकार बना सकती है और कांग्रेस इस सरकार को बाहर से समर्थन दे सकती है।
 

Created On :   5 Nov 2019 1:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story