बजट आवंटन में शिंदे गुट पर भारी पड़े भाजपा के मंत्री, खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने दी गई है 24 जिलों को रकम 

BJP minister overshadowed Shinde faction in budget allocation
बजट आवंटन में शिंदे गुट पर भारी पड़े भाजपा के मंत्री, खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने दी गई है 24 जिलों को रकम 
आंकड़े बजट आवंटन में शिंदे गुट पर भारी पड़े भाजपा के मंत्री, खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने दी गई है 24 जिलों को रकम 

डिजिटल डेस्क, अमित कुमार, मुंबई। राज्य सरकार की ओर से जिला खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए निधि हासिल करने में भाजपा सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे गुट) पर भारी पड़ गई है। जबकि महाविकास आघाड़ी सरकार के समय शिंदे गुट ने राकांपा और कांग्रेस के मंत्रियों पर विकास निधि वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया था। सरकार की तरफ से साल 2022-23 के बजट में आवंटित निधि में से 24 जिलों में जिला खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए 1 करोड़ 73 लाख 17 हजार 500 रुपए आवंटित की गई है। राज्य के स्कूली शिक्षा विभाग ने इस बारे में एक शासनादेश जारी किया है। जिसमें भाजपा के पालक मंत्री वाले जिलों के हिस्से 1 करोड़ 5 लाख 2 हजार रुपए आए हैं। जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) के पालक मंत्री वाले जिलों को केवल 68 लाख 15 हजार 500 रुपए निधि मंजूर की गई है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास वित्त विभाग भी है। जिला खेल प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए निधि आवंटन में भाजपा के पालक मंत्रियों के जिलों पर मेहरबानी स्पष्ट नजर आ रही है। 

राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को छोड़कर कुल 19 मंत्री हैं। 19 मंत्रियों के पास 36 जिलों के पालक मंत्री पद का प्रभार है। उपमुख्यमंत्री फडणवीस नागपुर सहित 6 जिलों के पालक मंत्री हैं। नागपुर में जिला खेल प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए सबसे अधिक 11 लाख 92 हजार रुपए निधि मंजूर की गई है। राज्य के श्रम मंत्री भाजपा नेता सुरेश खाडे सांगली के पालक मंत्री हैं। सांगली के लिए11 लाख 72 हजार रुपए मंजूर हुए हैं। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन लातूर के पालक मंत्री हैं। लातूर को 10 लाख 41 हजार 500 रुपए स्वीकृत हुआ है। दूसरी ओर शिवसेना (शिंदे गुट) नेता व राज्य के बंदरगाह मंत्री दादाजी भुसे के नाशिक जिले के लिए 9 लाख 83 हजार 500 रुपए निधि मंजूर की गई है। राज्य के स्कूली शिक्षी मंत्री दीपक केसरकर मुंबई शहर के पालक मंत्री हैं। मुंबई शहर के लिए केवल 2 लाख 54 हजार रुपए मंजूर हुए हैं। जबकि मुंबई उपनगर के लिए 9 लाख 53 हजार 500 रुपए दिए गए हैं। मुंबई उपनगर के पालकमंत्री भाजपा नेता मंगलप्रभात लोढा हैं।  

राज्य विधानमंडल का बजट अधिवेशन 27 फरवरी से शुरू हो रहा है। उपमुख्यमंत्री फडणवीस वित्त मंत्री के रूप में पहली बार सरकार का बजट पेश करेंगे। बजट निधि के आवंटन में किस दल का पड़ला भारी रहेगा। इसकी झलक अभी से देखने को मिल गई है। 
 

Created On :   20 Feb 2023 9:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story