कांग्रेस शासनकाल में हुआ जमकर घोटाला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए आरोप

BJP state scam was fiercely scam, BJP state president accused
कांग्रेस शासनकाल में हुआ जमकर घोटाला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए आरोप
कांग्रेस शासनकाल में हुआ जमकर घोटाला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए आरोप



डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।  संगठन की समीक्षा करने छिंदवाड़ा आए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में कांग्रेस शासनकाल के घोटालों की फेहरिश्त खोल दी। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा हमारे एजेंडे शामिल है। यहां संगठन को मजबूत करने के इरादे से ही वे आए हैं।  कांग्रेस के 15 महीने के शासनकाल में कई बड़े घोटाले हुए हैं। शहर में एक करोड़ के साइन बोर्ड नहीं लगे, लेकिन 12 करोड़ का टेंडर हो गया और ठेकेदार को 9 करोड़ का भुगतान भी कर दिया गया। इतना ही नहीं डीएमएफ में भी जमकर बंदरबांट हुई, जिसकी जांच उच्च स्तर पर करने के लिए शासन से कहा जाएगा। सिंचाई घोटाले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि छिंदवाड़ा में हुए 500 करोड़ के सिंचाई घोटाले में दोषी अफसरों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। छिंदवाड़ा में प्रस्तावित सिम्स के बजट को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि एक सुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज 300 करोड़ में बनकर तैयार हो जाता है। यदि और सुविधाओं का भी विस्तार किया जाता तो ये बजट 600 करोड़ तक जाना था, लेकिन कांग्रेस शासन काल में छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के विस्तार के नाम पर 1400 करोड़ का बजट तैयार किया था।
जीतने वाले को देंगे टिकट
निगम महापौर प्रत्याशी को लेकर प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि जीतने वाले को ही टिकट दी जाएगी। वे संगठन की समीक्षा करने ही छिंदवाड़ा आए हैं। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों तक से इस दौरे के दौरान सीधी बात कर रहे हैं।
कांग्रेस ने किया गांधी नाम का दुरुपयोग-
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गांधी नाम का दुरुपयोग किया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके विचारों का अनुसरण किया है। गांधी सरनेम के बीच राहुल, सोनिया का क्या लेना देना है पहले वे ये बताएं।
दुनिया कर रही भारत की तारीफ-
कोरोना वैक्सीन को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना वैक्सीन के निर्माण पर पूरी दुनिया भारत की तारीफ कर रही है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वैक्सीन लगवाई, लेकिन वहीं हमारे देश के कुछ तथाकथित नेता भारत में बनी वैक्सीन पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक पर दिखे बोर्ड को देख चौंके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष-
रविवार रात छिंदवाड़ा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान शहर के परासिया रोड में एक बोर्ड लगा हुआ था। जिसमें लिखा था कि हम पूरे मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में विवादित जमीन खरीदते हैं। ये बोर्ड को देखकर प्रदेश अध्यक्ष भी चौंक गए। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जिक्र किया कि  छिंदवाड़ा में ये सब चल रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी सामने आने के बाद प्रशासन सकते में आ गया। सोमवार दोपहर नगर निगम और राजस्व व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत ही बोर्ड को निकलवाया।

Created On :   1 March 2021 6:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story