- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- जुन्नारदेव विधायक के परासिया स्थित...
Chhindwara News: जुन्नारदेव विधायक के परासिया स्थित काॅम्प्लेक्स का अतिक्रमण हटाने नोटिस

- नगरपालिका सीएमओ ने दी अतिक्रमण हटाने 24 घंटे की समय सीमा
- नगर प्रशासन स्वयं कब्जा हटाने की कार्रवाई कर संबंधित से उसका व्यय वसूलेगी।
Chhindwara News: नगरपालिका परासिया ने जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके और उनके परिवार की महिला सदस्य के नाम नोटिस जारी कर 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने समय सीमा निर्धारित की है। छिंदवाड़ा रोड परासिया में रेलवे ब्रिज के पास सुनील उइके का व्यवसायिक काम्प्लेक्स है। सीएमओ ने नोटिस जारी कर चेतावनी दी कि कब्जाधारी स्वयं कब्जा नहीं हटाता है तो निर्धारित समय सीमा के बाद नपा द्वारा अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित की होगी, वहीं अतिक्रमण हटाने में होने वाला व्यय भी उसे ही देना होगा।
नगर प्रशासन के अनुसार इस काॅम्प्लेक्स में साइड एमओएस नहीं छोड़ा गया, वहीं काॅम्प्लेक्स के पीछे नाला की ओर 11 एक्स 66 वर्गफिट भूमि से अतिक्रमण कर निर्माण किया गया। इसको लेकर नपा कार्यालय द्वारा 16 अप्रैल- 24, 5 मार्च- 25, 29 अगस्त- 25 और 4 सितम्बर- 25 को भारती पिता अनिल उइके और सुनील पिता समरसिंग उइके के नाम नोटिस जारी हुआ। तब फोन पर अवगत कराया कि अतिक्रमण हटा लिया गया, किन्तु स्थल निरीक्षण में पाया गया कि उक्त स्थान से सीमेंट सीट हटाई गई, पक्का अतिक्रमण दीवार नहीं हटाई गई है।
राजस्व अमले ने किया नाप, सीएमओ ने दिया नोटिस
गत 29 अगस्त को जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके के परासिया स्थित व्यवसायिक काॅम्प्लेक्स और निजी अस्पताल स्थल की एसडीओ- राजस्व और परासिया तहसीलदार की मौजूदगी में नपाई हुई थी। इस मामले में नपा सीएमओ ने नोटिस जारी किया है। इस मामले में राजस्व कार्यालय में भी कार्रवाई लंबित है।
इनका कहना है
नगर पालिका अधिनियम की धारा 223 के उल्लंघन पर उक्त अतिक्रमण को हटाने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर 24 घंटे की अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई है। इस दौरान कब्जा नहीं हटाया गया, तो नगर प्रशासन स्वयं कब्जा हटाने की कार्रवाई कर संबंधित से उसका व्यय वसूलेगी।
-भरत गजबे, सीएमओ नपा परासिया
Created On :   9 Sept 2025 1:15 PM IST