मनपा की चार सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने लहराया परचम

BJP won all 4 seats in by election of Municipality
मनपा की चार सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने लहराया परचम
मनपा की चार सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने लहराया परचम

डिजिटल डेस्क, मुंबई/नागपुर। नांदेड़ महानगर पालिका चुनाव में पराजित होने वाली भाजपा ने नागपुर, मुंबई, कोल्हापुर और पुणे मनपा की एक-एक सीटों के उपचुनाव में जीत हासिल करने में सफल रही है। चारों महानगरपालिकाओं की चार सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने तीन सीट और सहयोगी दल ताराराणी आघाड़ी पक्ष ने एक सीट पर जीत हासिल की। मुंबई में भांडुप इलाके के वार्ड 116 पर हुए उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार जागृति पाटील ने जीत हासिल की। जागृति पाटील ने शिवसेना की उम्मीदवार मीनाक्षी पाटील को हराया। भाजपा की इस जीत से भाजपा और शिवसेना के नगरसेवकों की संख्या में अंतर और कम हो गया है। 

यह उद्धव की पराजय: किरीट सोमैया

इसी के दम पर भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि अगले कुछ महीनों में मुंबई मनपा में भाजपा का महापौर होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा की 227 सीटों में से भाजपा के नगरसेवकों की संख्या 83 हो गई है जबकि शिवसेना के 84 नगरसवेक हैं। लेकिन अगले कुछ महीनों में भाजपा के नगरसेवकों की संख्या 84 होगी और शिवसेना के 83 नगरसेवक रह जाएंगे। सोमैया ने कहा कि उपचुनाव में शिवसेना की हार का मतलब है मुंबई मनपा की माफियागिरी और पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे की पराजय। कांग्रेस की नगरसेविका प्रमिला पाटिल के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव हुआ है। भाजपा की विजयी उम्मीदवार जागृति प्रमिला पाटील की बहू हैं। प्रमिला के निधन के बाद जागृति भाजपा में शामिल हो गई थीं। 

नागपुर में भाजपा जीती

नागपुर मनपा की 35-अ सीट पर भाजपा के उम्मीदवार संदीप गवई को सफलता मिली है। बराबरी का मुकबला कहे जाने वाले इस उपचुनाव में वोटों का ज्यादा अंतर देखने को नहीं मिला। भाजपा प्रत्याशी गवई ने 5711 वोट हासिल कर 5248 लेने वाले कांग्रेस प्रत्याशी को 463 वोट से शिकस्त दी। मतगणना के बाद गवई की जीत की घोषणा सीताबर्डी स्थित बचत भवन में चुनाव आयोग ने की और प्रमाण-पत्र सौंपा। इससे पहले भाजपा के पूर्व नगरसेवक नीलेश कुंभारे ने यहां से जीत दर्ज करवाई थी। लेकिन उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। उपचुनाव की घोषणा के बाद 14 उम्मीदवारों सामने आए थे। मैदान में सिर्फ 8 उम्मीदवार ही उतरे। 11 अक्टूबर की सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान चला। संदीप गवई ने इसे आम कार्यकर्ता की जीत बताया, उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी मिलकर सबके लिए काम करती।

कोल्हापुर में ताराराणी-भाजपा आघाड़ी के उम्मीदवार जीते

उधर कोल्हापुर की बात करें तो मनपा की सीट 11 पर ताराराणी-भाजपा आघाड़ी के उम्मीदवार रत्नेश शिरोलकर ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार राजेश लाटकर को हराया। इस सीट के लिए ताराराणी आघाड़ी ने भाजपा से गठबंधन किया था। 

पुणे में बीजेपी को सफलता

पुणे मनपा की सीट 21-अ पर भाजपा की उम्मीदवार हिमाली कांबले ने बाजी मारी है। हिमाली नवनाथ कांबले की बेटी है। उन्होंने एनसीपी के धनंजय गायकवाड़ को साढ़े 4 हजार मतों से हराया है। हिमाली कांबले और एनसीपी के धनजंय गायकवाड़ के बीच कांटे की टक्कर थी। हिमाली ने चुनाव में बाजी मार ली। हालांकि उनके अलावा अन्य पांच निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में उतरे थे।

Created On :   12 Oct 2017 10:34 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story