जिला परिषद में होगी भाजपा की सत्ता!

BJPs power will be in Gondia Zilla Parishad!
जिला परिषद में होगी भाजपा की सत्ता!
गोंदिया जिला परिषद में होगी भाजपा की सत्ता!

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। जिला परिषद में लगभग दो वर्ष के अंतराल के बाद 10 मई को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होनेवाले है। हालांकि, इस चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। लेकिन 53 सदस्यों वाली जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी 26 सदस्यों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई हैं। इसके साथ ही राजनीतिक हलचलों को देखते हुए भाजपा ही सत्ता पर काबिज होगी, यह लगभग तय  माना जा रहा है। यहां बता दें कि इस चुनाव में भाजपा के 26, कांग्रेस के 13, राकांपा के 8, चाबी संगठन के 4 एवं 2 निर्दलीय सदस्य चुनकर आए हैं। िवश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि भाजपा पहले दोनों निर्दलीयों के साथ मिलकर जिप की सत्ता पर काबिज होने का प्रयास करेंगी और इसमें उसके काफी हद तक सफल होने की भी जानकारी मिली है। लेकिन यदि किसी कारणवश यदि यह समीकरण नहीं बन पाया तो दूसरी प्राथमिकता के तौर पर चाबी संगठन के साथ गठबंधन कर सत्ता हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन इसमें गोंदिया के एक भाजपा नेता का विरोध होने की बात पता चली है। जबकि भाजपा के ही कुछ नेता इस तरह के गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। यदि यह भी समीकरण नहीं जम पाया तो, ऐन वक्त पर भाजपा का राकांपा के साथ भी तालमेल हो सकता है।

तीनों ही स्थिति में जिला परिषद की सत्ता भाजपा के हाथ में ही रहने की प्रबल संभावना है और पार्टी नेता हर तरह की संभावनाओं एवं उनके दूरगामी राजनीतिक परिणामों को सोचकर निर्णय लेने की बात कह रहे हैं। जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा में अनेक दावेदार अपना दावा रख रहे हैं। लेकिन खुलकर कोई भी कुछ कहने से बच रहा है। भाजपा में वैसे भी जिले के अधिकतर निर्णय नागपुर से ही होते आए हैं। जिले के नेताओं में किसी एक नाम पर सहमति न बनने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी एवं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मर्जी से ही अंतिम निर्णय होगा। लेकिन सारे राजनीतिक स्थितियों को देखते हुए अब यह लगभग तय हो चुका है कि गोंदिया जिला परिषद पर भाजपा की ही सत्ता स्थापित होगी। कोरोना काल के चलते जिला परिषद के आम चुनाव लगभग डेढ़ वर्ष से भी अधिक देरी से जनवरी 2022 में हुए थे। तीन माह के इंतजार के बाद जिप अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जिलाधिकारी ने जारी की है। जिसके चलते 10 मई को जिप के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होनेवाले है।

 

Created On :   4 May 2022 1:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story