मकर संक्रांति की धूम, हर तरफ वो काट की गूंज

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर में शनिवार से ही मकर संक्रांति पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। लोग सुबह से पतंग उड़ाने में व्यस्त रहे। इमारत की छतों व मैदानों में दिन भर पतंगबाजी करते दिखाई दिए। उत्साह इतना अधिक था कि पुरुषों के साथ महिलाएं व कॉलेज के युवक-युवतियांें ने भी पतंग उड़ाने का आनंद लिया। इतवारी, महल, लालगंज, कमाल चौक परिसर, धरमपेठ, गोकुलपेठ, उत्तर अंबाझरी, फुटाला, गिट्टीखदान, बेसा, मानेवाड़ा, बुधवारी, गोलीबार चौक आदि के आसपास स्थित बस्तियों में बनी इमारतों पर से वो काट...की गूंज सुनाई देती रही। बच्चों से लेकर बड़े तक पतंग लूटने के लिए भाग-दौड़ करते रहे। जगह-जगह डीजे की धुन पर लोग पंतग उड़ाने के साथ थिरकते नजर आए। दूसरी तरफ पुलिस भी नायलॉन मांजा बेचने और पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़ करने के लिए सक्रिय रही। मांजे से कुछ लोग घायल हुए, जिनका अस्पतालों में उपचार किया गया।
3 लोग मांजे से हुए घायल : पतंगबाजी के लिए प्रतिबंधित नायलॉन मांजे के कारण हाथ-पैर या शरीर के अन्य अंग कटने की घटनाएं हो रही हैं। इसे देखते हुए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) और इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) प्रशासन ने तैयारी की है। दोनों अस्पतालों के कैज्युअल्टी, सर्जरी व आर्थोपैडिक विभाग अलर्ट मोड पर हैं। यहां के विभाग प्रमुखाें व अधीनस्थ डॉक्टरों को मांजे के कारण जख्मी लोगों का तुरंत उपचार करने के लिए कहा गया है। मेडिकल में शनिवार को दो लोगों को उपचार के लिए लाया गया। 16 साल की एक युवती को मांजे से कटने के कारण उपचारार्थ लाया गया था। युवती के चेहरे पर मांजे के कारण 3 सेंटीमीटर का चीरा लगा था। डॉक्टरों ने उसका तुरंत उपचार किया। एक घंटे बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसी तरह एक अन्य के पैर की उंगली कटने से उसका उपचार किया गया। मेयो में 12 साल के मोहम्मद अंसारी को उपचार के लिए लाया गया था। उसका नायलॉन मांजा से बाया अंगूठा कट गया था। उसे उपचार के आधे घंटे बाद छुट्टी दे दी गई। रविवार को भी दोनों अस्पतालों में मांजे के कारण जख्मी लोगों के लिए उपचार की सुविधा शुरू रहेगी।
Created On :   15 Jan 2023 4:48 PM IST