- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- सगाई कर वापस लौट रहे यात्रियों से...
सगाई कर वापस लौट रहे यात्रियों से भरी बस पलटी,18 घायल

डिजिटल डेस्क चौरई/छिंदवाड़ा। चौरई के राजलवाड़ी गांव से सगाई कर हिवरखेड़ी के पिंडरई लौट रहे लोगों से भरी मिनी बस कुंडा पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। मंगलवार शाम हुए इस हादसे में बस में सवार 18 यात्रियों को चोटें आई है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से चार लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मिनी बस में 30 से 35 लोग सवार थे।
पुलिस ने बताया कि हिवरखेड़ी के पिंडरई सराफगांव के सियाराम धुर्वे के बेटे की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने रिश्तेदारों के साथ गांव के लोग बस से राजलवाड़ी गए थे। सगाई के बाद शाम को सभी लोग बस से वापस गांव लौट रहे थे। इस दौरान कुंडा पेट्रोल पंप के समीप बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार 18 लोग घायल हुए है। सूचना लगते ही थाना प्रभारी मुकेश द्विवेदी एसआई सतेंद्र कुशवाह सहित राजेन्द्र बघेल, अभिषेक बघेल, राजेन्द्र सहित पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस और डायल-100 की मदद से अस्पताल भेजा गया। यहां बीएमओ डॉ. नितिन ने घायलों को प्राथमिक इलाज देकर इनमें से चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है।
ढलान पर न्यूट्रल करके चला रहा था बस-
लोगों ने बताया कि मिनी बस चालक कुंडा के समीप ढलान में बस को न्यूट्रल कर दिया था। बस की रफ्तार बढऩे पर वह कंट्रोल नहीं कर पाया। जिसकी वजह से अनियंत्रित बस पलट गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Created On :   3 March 2020 9:38 PM IST