बेहतर मौके की तलाश में कोलकाता से आई थी मुंबई, फुटपाथ पर दिन गुजारने को हुई मजबूर महिला

Came Mumbai from Kolkata in search of a better opportunity
बेहतर मौके की तलाश में कोलकाता से आई थी मुंबई, फुटपाथ पर दिन गुजारने को हुई मजबूर महिला
दास्तान बेहतर मौके की तलाश में कोलकाता से आई थी मुंबई, फुटपाथ पर दिन गुजारने को हुई मजबूर महिला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोलकाता से बेहतर मौके की तलाश में मुंबई पहुंची एक 29 वर्षीय महिला के लिए दो महीने में ही हालात इतने खराब हो गए कि उसे फुटपाथ पर दिन गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ा। महिला को काम नहीं मिला, उसका मोबाइल चोरी हो गया और बचे खुचे पैसे खत्म हो गए जिसके चलते वह दर दर की ठोकर खाने को मजबूर हो गई। हालांकि एक व्यक्ति ने सहार पुलिस को महिला के बारे में जानकारी दे दी जिसके बाद पुलिस ने कोलकाता पुलिस के जरिए महिला के परिवार वालों से संपर्क किया और उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया। सहार पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर संजय गोविलकर ने बताया कि हमें फोन कर एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि हवाई अड्डे के पास एक महिला है जिसे मदद की जरूरत लग रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की तो उसने अपना नाम लीना मुखर्जी बताया। एपीआई किरण काले के मुताबिक लीना से पूछताछ में पता चला कि वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक बीमा कंपनी में काम करती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी पिता भी बीमारी के चलते चल फिर नहीं सकते थे। इसलिए कुछ पैसे लेकर वह बेहतर नौकरी की तलाश में मुंबई चली आई।

महिला को नौकरी नहीं मिली और उसके पास जो पैसे थे वह भी खत्म हो गए। महिला का मोबाइल चोरी हो गया इसलिए वह परिवार वालों से भी संपर्क नहीं कर पाई। इसके बाद वह मुंबई की गलियों में दिन गुजारने को मजबूर हो गई। महिला को पुलिस सहार पुलिस स्टेशन लाई जहां उसे पुलिसवालों के लिए बने कमरे में रखा गया। इस दौरान महिला के घर के नजदीक स्थित कोलकाता के गार्डन रीच पुलिस स्टेशन से संपर्क किया गया। कोलकाता पुलिस ने महिला के परिवार वालों से संपर्क किया और इस बात की पुष्टि की कि महिला उसी परिवार की है। इसके बाद सहारा पुलिस ने महिला की ट्रेन की टिकट निकाली और खाना और कुछ पैसे देकर उसे परिवार के पास भेज दिया। कोलकाता पुलिस ने मुंबई पुलिस को इस बात की जानकारी दी है कि महिला अपने शालीमार इलाके स्थित घर पहुंच गई है। 

 
 

Created On :   11 July 2022 7:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story