गैंगस्टर आंबेकर के भांजे सहित पांच साथियों पर मामला दर्ज

Case filed against five associates including gangster Ambekars nephew
गैंगस्टर आंबेकर के भांजे सहित पांच साथियों पर मामला दर्ज
नागपुर गैंगस्टर आंबेकर के भांजे सहित पांच साथियों पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जेल में बंद गैंगस्टर संतोष आंबेकर का भांजा शैलेश केदार अब अपने साथियों के साथ आंबेकर के खिलाफ  गवाही देने वाले गवाहों को धमकाने लगा है। उसने गवाही देेने वाले युवक के साथ मारपीट कर उससे 5 लाख रुपए का हफ्ता मांगते हुए उसे गोली मारने की धमकी दी है। लकडगंज थाने में पीड़ित युवक ने शिकायत पर शैलेश केदार सहित उसके पांच साथियों के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार घटना वाले दिन यानी 2 फरवरी को पीड़ित युवक अपने दोस्त के साथ घर के पास बैठकर बातें कर रहा था, तभी शैलेश केदार कार में अपने 4 साथियों के साथ वहां पहंुचा और कार से उतरते ही गालियां देने लगा। दोस्त ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो उसे भी भला बुरा कहा। अारोप है कि, आरोपियों ने पीड़ित युवक को कट्टा और  चाकू दिखाया। पुलिस ने आरोपी शैलेश केदार सहित 5 आरोपियों पर धारा 195 ए, 387, 143, 144, 147, 148, 149, 294, 506, 323, 504, 3, 25, 4, 135 के तहत मामला दर्ज किया है। 

इस घटना के बाद संतोष आंबेकर के खिलाफ गवाही देने वाले अन्य गवाहों के दिल में डर पैदा होने लगा है। तत्कालीन पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में संतोष आंबेकर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई थी। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ ही उसके बंगले और अपार्टमेंट के अवैध निर्माणकार्य को जमींदोज किया गया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस पर एतबार कर कई लोगों ने आंबेकर के खिलाफ गवाही दी है, लेकिन एक युवक को गोली मारने की धमकी मिलने के बाद अब डरने लगे हैं।  

क्या है मामला : पुलिस के अनुसार इतवारी हाईस्कूल संती रोड नागपुर निवासी पीड़ित अमित अन्नाजी मोझरकर (38) ने लकडगंज थाने में शिकायत की है। अमित उपरोक्त पते पर अपने परिवार के साथ रहता है। उसका इतवारी हाईस्कूल के सामने जूना मोझरकर वाड़ा था। इस वाड़े के दो हिस्से थे। अमित के हिस्से की 550 स्क्वेयर फीट जगह थी। यह जगह अमित के परिवार ने वर्ष 2015 में संतोष आंबेकर को बेची था।  आंबेकर ने यहां अपार्टमेंट बनाकर अमित की मां के नाम पर एक फ्लैट दिया है। इसी फ्लैट में अमित का परिवार रहता है। अमित का आरोप है कि, संतोष का भांजा शैलेश उसके घर के पास आकर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। 

आंबेकर पर दुष्कर्म मामले में गवाह है पीड़ित : दरअसल, संतोष आंबेकर पर दुष्कर्म का जो मामला दर्ज है, उस मामले में अमित की गवाही शामिल है। इसी मामले में अब उसे धमकाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार लकडगंज पुलिस ने उसके घर के सामने दो कर्मचारी की गार्ड ड्यूटी तो लगा दी है, लेकिन अमित और उसका परिवार काफी दहशत में है, जब तक शैलेश केदार और उसके साथियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक अमित की तरह अन्य गवाहों को इस तरह की धमकी मिलने से इनकार नहीं किया जा सकता है। शैलेश केदार पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।  

5 लाख रुपए तैयार रख, नहीं तो गेम कर दूंगा : गत 2 फरवरी को रात करीब 9.30 बजे अमित अपने दोस्त शैलेश तिजारे के साथ घर के नीचे में अलाव पर सेेंक रहा था, तब शैलेश केदार एक सफेद रंग की कार में अपने 4 साथियों के साथ वहां पहंुंचा और गालीग-लौज करते हुए कहा कि, ‘मेरे मामा के खिलाफ जो भी बयान दे रहा है, उन सभी को गोली से उड़ा दूंगा। फ्लैट मेरे मामा (संतोष आंबेकर) ने बनाकर दिया है, तुम्हारी औकात नहीं है, ऐसी जगह रहने की। ऐसा कहते हुए शैलेश ने कट्टा निकालकर अमित से कहा कि ‘इस इलाके में रहना है, तो एक हफ्ते में 5 लाख रुपए तैयार रख, नहीं तो तेरा गेम कर दूंगा।’ इस दौरान शैलेश के एक साथी ने चाकू निकाला, तो अमित और शैलेश तिजारे ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद अमित ने लकड़गंज थाने में शैलेश केदार और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। 

कुछ पीड़ितों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि, संतोष आंबेकर के साथी उन्हें धमकी दे रहे हैं कि, अब देखते हैं कि पुलिस किस-किस को बचाती है। इस धमकी के बाद पीड़ितों के दिल में खौफ पैदा होने लगा है। कुछ तो यहां  तक कह रहे हैं कि, तत्कालीन पुलिस उपायुक्त राजमाने के शहर से जाते ही आंबेकर के साथी अब बिल से बाहर आकर धमकाने लगे हैं। कुछ पीड़ितों को यह तक धमकी दी जा रही है कि, अब राजमाने चले गए, मेरा मामा सबको देख लेगा। हालांकि, अमित को छोड़कर फिलहाल कोई भी सामने आने में कतरा रहा है।  

Created On :   5 Feb 2023 8:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story