डिवाइडर के बीच लिखे देश को लेकर आपत्तिजनक शब्द, CCTV में नजर आए शख्स पर शक

डिवाइडर के बीच लिखे देश को लेकर आपत्तिजनक शब्द, CCTV में नजर आए शख्स पर शक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सीताबर्डी थानांतर्गत नागपुर-अमरावती मार्ग स्थित भोले पेट्रोल पंप के पास सड़क डिवाइडर के बीच में विज्ञापनों के छोटे-छोटे फलक लगाए गए हैं। इसमें से कुछ फलकों पर किसी ने ‘हिंदुस्थान, हिंदुस्थानी सरकार मुर्दाबाद’ लिख दिया। उस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 125 और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने भाग-दौड़ कर फलक पर लिखे शब्द को मिटाया।

कैमरे में एक व्यक्ति कैद
वेरायटी चौक में उड़ानपुल के नीचे सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति कैद हुआ है, जो पुल के पिलर पर कुछ लिखता नजर आ रहा है। पुलिस को संदेह है कि इसी व्यक्ति ने भोले पेट्रोल पंप के पास भी सड़क डिवाइडर के फलक पर उपरोक्त शब्द लिखे होंगे। पुलिस का यह भी मानना है कि यह शख्स मानसिक बीमार हो सकता है।

कुछ कद्दावर नेताओं के भी नाम
शहर में लोकसभा चुनाव का माहौल है। पुलिस की हर तरफ पैनी नजर है। उसके बाद भी नागपुर-अमरावती मार्ग पर वसंतराव नाईक झोपड़पट्टी के पास भोले पेट्रोल पंप के करीब सूचना फलक पर अज्ञात व्यक्ति ‘ हिंदुस्थान, हिंदुस्थानी सरकार मुर्दाबाद’ लिखकर चला गया। सूत्र बताते हैं कि यह पांच-छह बोर्ड्स पर लिखा गया था। कुछ बोर्ड (फलक) पर सफेद चाक से तो कुछ पर काले से। जंग लगने के कारण फलकों पर काले चाक से लिखे आपत्तिजनक शब्द पहचान में नहीं आ रहे थे। कुछ बोर्ड्स पर शहर के कुछ कद्दावर नेताओं के नाम भी लिखे हुए थे।

सीताबर्डी के वरिष्ठ थानेदार पहुंचे
सूत्र बताते हैं कि सीताबर्डी थाने के वरिष्ठ थानेदार राघवेंद्र राजपूत सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। उसके बाद उन शब्दों को मिटा दिया गया। आरोपी की तलाश की जा रही है।

छानबीन हो रही है
डिवाइडर के फलक पर देश के बारे में आपत्तिजनक शब्द लिखने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 125 और 3 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन हो रही है।
चिन्मय पंडित, पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक-2, नागपुर शहर

Created On :   10 April 2019 6:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story