खेलो इंडिया के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार

Cash prizes to the medal winners of Khelo India Players
खेलो इंडिया के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार
खेलो इंडिया के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केन्द्रीय खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित खेलो इंडिया के तृतीय संस्करण में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को राज्य सरकार नकद राशि देकर सम्मानित करने जा रही है। युवक कल्याण और क्रीड़ा मंत्री सुनील केदार ने सोमवार को नागपुर में इसकी घोषणा की। गुवाहटी गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त एथलीटों को जहां एक लाख रुपए दिए जाएंगे, वहीं रजत व कांस्य पदक विजेताओं को क्रमश: 75 और 50 हजार रुपए नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। समारोह का आयोजन मुंबई में होगा, लेकिन श्री केदार ने तारीखों की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से प्राप्त जानकारी के अनुसार ही समारोह का आयोजन किया जाएगा।

खेलों इंडिया में महाराष्ट्र ने लगातार दूसरे वर्ष ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है। राज्य के एथलीटों ने कुल 257 पदक जीते, जिसमें 78 स्वर्ण, 77 रजत और 102 कांस्य पदक शामिल है। हरियाणा 68 स्वर्ण, 60 रजत और 72 कांस्य पदक के साथ पदकतालिका दूसरे नंबर पर रहा। इस घोषणा के तहत राज्य के कुल 399 एथलीटों को पुरस्कार राशि मिलेगी, जो कुल तीन करोड़, 6 लाख और 25 हजार रुपए होगी। पिछले वर्ष पुणे में हुए खेलाे इंडिया गेम्स में महाराष्ट्र 227 पदक लेकर पहले स्थान पर रहा था, लेकिन इस वर्ष महाराष्ट्र के पदकों की संख्या में जबर्दस्त वृद्धि हुई। दिल्ली 39 स्वर्ण, 36 रजत और 47 कांस्य पदक लेकर तीसरे स्थान पर रहा।

खेलो इंडिया में शामिल 20 खेलों में से महाराष्ट्र ने 19 खेलों में अपने एथलीट उतरे। राज्य को सर्वाधिक 46 पदक (18 स्वर्ण, 15 रजत और 13 कांस्य) तैराकी में मिले। वहीं कुश्ती में 31, एथलेटिक्स में 29, वेटलिफ्टिंग में 25 पदक राज्य को हासिल हुआ। स्पर्धा में राज्य के कुल 590 एथलीटों में अपनी चुनौती पेश की। इसके अलावा 145 मार्गदर्शक, प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षक, व्यवस्थापक और सहव्यवस्थापक एथलीटों की मदद के लिए जुटे रहें। पिछले खेलो इंडिया गेम्स में राज्य को 85 स्वर्ण, 61 रजत और 81 कांस्य पदक मिले थे, जिसमें तैराकी में सर्वाधिक 42 पदक, जिम्नास्टिक में 39 पदक, एथलेटिक्स में 33 पदक, मुक्केबाजी में 23 पदक शामिल थे।

नागपुर की तैराकी ऋतुजा को स्वर्ण, बास्केटबॉल में गर्ल्स टीम को रजत

उपराजधानी की अंतरराष्ट्रीय तैराक ऋतुजा तलेगांवकर ने गुवाहटी गेम्स में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक-एक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीत लिया। स्पर्धा के अंडर-21 गर्ल्स वर्ग में भाग लेते हुए ऋतुजा ने 1500 मीटर फ्री स्टाइल में जोरदार कारनामा किया। इस तरह ऋतुजा को कुल 20 लाख 25 हजार रुपए पुरस्कार स्वरूप मिलेंगे। हालांकि नागपुर के एक अन्य अंतरराष्ट्रीय तैराक यश गुल्हाने ने भी गुवाहटी गेम्स में हिस्सा लिया, लेकिन उन्हें पदक हासिल नहीं हुआ। स्पर्धा में राज्य की अंडर-21 गर्ल्स बास्केटबॉल टीम को रजत पदक प्राप्त हुआ। नागपुर की आभा लाड़, श्रेया दांडेकर, पूर्वी महल्ले, देवश्री अंबेगांवकर और रसिका पांडे ने राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व किया। पदक प्राप्त एथलीटों की सूची में विदर्भ के 20 एथलीटों का समावेश है।

विभागीय क्रीड़ा संकुल को मिलेंगे 123 करोड़

राज्य के क्रीड़ा मंत्री सुनील केदार ने कहा कि मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल को और अधिक सुंदर और विश्वस्तरीय बनाने के लिए 123 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। प्रोजेक्ट को रिजलन मंजूरी मिल चुकी है और यह फाइनल मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को युद्ध स्तर पर तैयार किया जाएगा और यह मेरी प्राथमिकताओं में पहले स्थान पर होगा।

Created On :   27 Jan 2020 4:47 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story