11 लाख के गांजे के साथ तीन को दबोचा

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. शहर में गांजे का व्यवसाय बड़े पैमाने पर फैलने की चर्चाओं के बीच स्थानीय अपराध शाखा पुलिस ने 30 जनवरी की शाम शहर के गड्ढाटोली परिसर में झोपड़ी मोहल्ले में एक घर से 75 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी कीमत 11 लाख 32 हजार 245 रुपए बताई गई है। इस मामले में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गोंदिया जिले में गांजे का व्यवसाय बड़े पैमाने पर चलने की जानकारी मिली है। शहर के कई हिस्सों में इसकी चोरी छिपे बिक्री की जाती है। अनेक किशोरवयीन युवा भी इस नशे की चपेट में आ रहे हैं। जिसके चलते अपराधिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हो रही है। शहर में बड़े पैमाने पर ओड़िसा राज्य से गांजे की तस्करी होने की चर्चा है। स्थानीय अपराध शाखा पुलिस को शहर के गड्ढाटोली परिसर के झोपड़ी मोहल्ले में एक घर में गांजे का भंडारण कर रखे जाने की गुप्त जानकारी मिली थी। जिसके बाद 30 जनवरी की शाम पुलिस ने यहां छापामार कार्रवाई की। पुलिस को मकान में 75 किलाे 483 ग्राम गांजा एवं 3 हजार रुपए मूल्य का इलेक्ट्रिक वजन काटा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल मिलाकर 11 लाख 35 हजार 245 रुपए का माल जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ रामनगर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (क), 20, 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   1 Feb 2023 4:29 PM IST