- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एलोरा महोत्सव के लिए 25 लाख देने को...
एलोरा महोत्सव के लिए 25 लाख देने को तैयार है केन्द्र, शिवसेना को मिला आश्वासन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय पर्यटन मंत्री अल्फोंस कन्ननथनम ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने महाराष्ट्र में कालीदास महोत्सव और एलिफेंटा महोत्सव मनाने के लिए 50 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराई है। यदि राज्य सरकार एलोरा में होने वाले महोत्सव के संबंध में प्रस्ताव भेजती है तो हम उसे भी 25 लाख रुपए की मदद देंगे। कन्ननथनम ने यह जानकारी सोमवार को लोकसभा में शिवसेना सांसद चंद्रकांत खैरे के सवाल के जवाब में दी। खैरे ने यह कहते हुए मदद की मांग की थी कि कई वर्षों से हम लोग एलोरा फेस्टिवल मनाते आ रहे थे, लेकिन पिछले दो साल से यह बंद हो गया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि एलोरा महोत्सव को मदद देने में केन्द्र को कोई दिक्क्त नहीं है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि पहले महाराष्ट्र सरकार संबंधित प्रस्ताव भेजे। हम इस मद में 25 लाख रुपए देंगे। उन्होने बताया कि केन्द्र सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में मेला और महोत्सव आयोजित करने के लिए 99 करोड़ 99 लाख रुपए जारी किए हैं। इनमें 50 लाख रुपए महाराष्ट्र को दिए गए हैं। इसके तहत महाराष्ट्र में 25 लाख कालीदास महोत्सव और 25 लाख एलिफेंटा महोत्सव के लिए है।
स्वदेश दर्शन योजना के तहत महाराष्ट्र को मिले 136 करोड़
पर्यटन मंत्री ने बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत महाराष्ट्र के दो परियोजनाओं के लिए 136 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसमें 82 करोड़ रुपए तटीय परिपथ (कोस्टल सर्किट) के लिए तो 54 करोड़ रुपए धार्मिक परिपथ (स्पिरिचुअल सर्किट) के लिए है। स्पिरिचुअल सर्किट के तहत वाकी, अदासा, धपेवाड़ा, परादसिंघा, छोटा ताज बाज, तेलंखांडी और गिराड का विकास किया जाना शामिल है। इसी प्रकार प्रसाद योजना के अंतर्गत त्रयंम्बकेश्वर के विकास पर 38 करोड़ रुपए खर्च किया जाना है।
Created On :   6 Aug 2018 8:19 PM IST