बारिश से पहले मनपा चुनाव के आसार कम

डिजिटल डेस्क, नागपुर. करीब साल भर से मनपा चुनाव की प्रतीक्षा कर रहे इच्छुक उम्मीदवारों का इंतजार और लंबा खिंच सकता है। राज्य सरकार के आदेशानुसार, मनपा ने पहले 156 नगरसेवकों की सदस्य संख्या अनुसार 3 सदस्यीय प्रभाग की रचना की थी। इस अनुसार 52 प्रभागों का प्रारूप तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजा गया था। पहले के अपेक्षा इसमें 5 नगरसेवकों की संख्या बढ़ाई गई थी। पूर्व में 151 सदस्य थे। इस बीच सरकार ने सदस्यों की संख्या 156 से घटाकर 151 कर दी। सरकार का कहना है कि जब प्रभाग रचना के लिए 2011 की जनगणना को आधार माना जा रहा है तो फिर सदस्य संख्या भी 2011 अनुसार ही रहेगी। फिलहाल सदस्यों की संख्या घटने के बाद प्रभागों की संख्या भी 52 से घटकर 50 हो गई है। इस अनुसार 49 प्रभागों में 3 सदस्य, जबकि अंतिम यानी 50वें प्रभाग में 4 सदस्य होंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रभागों की रचना 3 सदस्यीय रहेगी या 4 सदस्यीय? स्पष्टता के लिए मनपा निर्वाचन प्रशासन ने दिसंबर को सरकार को पत्र भेजा है। सरकार से अभी तक इस पर जवाब नहीं मिल पाया है। इस कारण प्रशासन भी असमंजस में है। इस असमंजस के कारण प्रभाग रचना का काम अटका हुआ है।
प्रक्रिया में ही 2 माह लग जाएंगे
अगर प्रभाग रचना या सदस्य संख्या बदलती है तो नये सिरे से मतदाता सूची प्रकाशित करने का काम करना होगा। पहले 31 मई 2022 के अनुसार मतदाता सूची प्रकाशित हुई थी। अब 31 जनवरी 2023 को आधार मानकर प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए नये सिरे से तैयारी करनी होगी। यही नहीं प्रभाग रचना सहित आरक्षण सभी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसमें कम से कम 2 महीने का समय लगेगा।
और अभी तो आदेश ही नहीं मिला है
यह सभी सरकार से नये आदेश मिलने के बाद होंगे। अभी तक आदेश नहीं मिला है। हालांकि बहुसदस्यीय प्रणाली का मामला कोर्ट में लंबित है। कोर्ट से जब तक आदेश नहीं आता, तब तक स्पष्टता के आसार कम हैं। ऐसे में सारी संभावनाओं को तलाशने के बाद भी चुनाव जल्द होने के आसार कम नजर आ रहे हैं। माना जा सकता है कि मनपा चुनाव आगामी बारिश से पहले होने की उम्मीद कम है।
Created On :   6 Feb 2023 7:39 PM IST