महाराष्ट्र ही नहीं देश- दुनिया के लिए आदर्श हैं छत्रपति शिवाजी महाराज- शिंदे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश और दुनिया के लिए भी आदर्श हैं। मुख्यमंत्री रविवार को शिव जयंती के मौके पर पुणे जिले के शिवनेरी किले में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज के जयंती उत्सव के मौके बोल रहे थे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पर्यटन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सांसद श्रीमंत छत्रपति संभाजीराजे वविधायक प्रवीण दरेकर आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली के दर्शन कर मैं रोमांचित हूं। उनके जन्म से महाराष्ट्र की पावन भूमि पवित्र हो गई।आज घर-घर में शिव जयंती मनाई जा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज के अलौकिक कार्यों को हमेशा याद किया जाता है। हम उनके आदर्श को सामने रखकर काम करते हैं। उनके मतानुसार राज्य सरकार आम आदमी, गरीब आदि के लिए कार्य कर रही है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की वजह से ही आज हम आजाद रह सके। फडणवीस ने कहा कि महाराज के राज्याभिषेक के 350 साल पूरे हो रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने एक व्यापक योजना तैयार की है। सालभर छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएंगा।
Created On :   19 Feb 2023 7:49 PM IST