हाथ आया मुंह ना लगा-सीटों के साथ बदलता रहा भाजपा मुख्यालय का माहौल

Circumstances of the BJP headquarters changed during counting
हाथ आया मुंह ना लगा-सीटों के साथ बदलता रहा भाजपा मुख्यालय का माहौल
हाथ आया मुंह ना लगा-सीटों के साथ बदलता रहा भाजपा मुख्यालय का माहौल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में ऊंट किस करवट बैठेगा, अभी कहना मुश्किल है। मंगलवार को वोटों की गिनती के दौरान सीटों का आंकड़ा जिस तरह पल-पल बदलता रहा, उसी हिसाब से दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय का माहौल भी बदलता दिखा। शुरूआती रूझान में कांग्रेस से थोड़ा पिछड़ने के बाद जैसे ही भाजपा की सीटों की संख्या कांग्रेस से ऊपर पहुंची, मुख्यालय में जश्न का माहौल शुरू हो गया। हालांकि बिहार चुनाव से सबक लेते हुए लड्डू बांटने और आतिशबाजी करने में पार्टी के प्रबंधकों ने आज थोड़ा सब्र का परिचय दिया। 

सीटें कम तो जश्न भी खत्म 
लेकिन भाजपा का स्कोर 90 के पार पहुंचने और कांग्रेस के पिछड़ने के साथ ही भाजपा मुख्यालय में आतिशबाजी शुरू हो गई और ढोल नगाड़े की थाप पर पार्टी के पुरूष व महिला कार्यकर्त्ताओं ने डांस करना शुरू कर दिया। कर्नाटक में रूझानों में भाजपा के जादुई आंकड़ा पार करने के बाद तो माहौल देखने लायक था। मीडिया और कार्यकर्त्ताओं के लिए लड्डू तो मंगाए ही गए, साथ ही उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान पार्टी के मीडिया विभाग के उत्साहित पदाधिकारियों ने सूचित किया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 3 बजे मीडिया से मुखातिब होंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम 5 बजे पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करेंगे।  

हाथ आया लड्डू, मुंह तक नहीं पहुंचा तो हुए निराश 
लेकिन दो बजे के बाद जैसे ही यह महसूस हुआ कि हाथ में आया लड्डू मुंह तक नहीं पहुंच पा रहा, तो भाजपा मुख्यालय का उत्साह जैसे काफूर हो गया। कांग्रेस की इस घोषणा के बाद कि वह जदएस के कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वह समर्थन देगी, भाजपा के प्रबंधकों की धड़कनें बढ़ती दिखी। आतिशबाजी करने वाले और ढोल नगाड़े वाले लोग अचानक इमारत से गायब हो गए तो लगे हाथ मीडिया विभाग ने भी यह स्पष्ट कर दिया गया कि भाजपा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री का क्रमश: 3 व 5 बजे पार्टी मुख्यालय में आने का कोई कार्यक्रम नहीं है। इसके बाद मीडिया को बाईट दे रहे भाजपा नेताआंे के सुर भी मद्धिम दिखे। आज टीवी चैनलों के लिए कर्नाटक के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर सबसे ज्यादा डिमांड में थे। लेकिन जैसे ही भाजपा 110 के नीचे पहुंची, जावडेकर आनन-फानन में कैमरे छोड़कर अमित शाह के घर की ओर निकल पड़े।  

Created On :   15 May 2018 8:13 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story